Sambhal News : एसडीओ से त्रस्त संविदा बिजली कर्मियों ने दिये सामूहिक इस्तीफे
एसडीओ पर शोषण करने का आरोप लगाकर किया धरना-प्रदर्शन, कर्मचारियों ने त्यागपत्र संघ के जिलाध्यक्ष को सौंपे
संभल में संविदा बिजली कर्मचारियों के धरने को संबोधित करते वक्ता
संभल, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के निविदा व संविदा कर्मचारी संघ ने एसडीओ तृतीय कृष्णगोपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए न सिर्फ बिजली घर परिसर में धरना प्रदर्शन किया बल्कि हयातनगर, चौधरी सराय व रुकनुद्दीन सराय बिजलीघर पर तैनात 45 संविदाकर्मियों ने एसडीओ तृतीय पर गंभीर आरोप लगाकर सामूहिक त्यागपत्र दे दिये। कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा व संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले हयातनगर, चौधरी सराय और रुकनुद्दीन सराय में स्थित बिजलीघर में तैनात संविदा कर्मियों के समर्थन में जनपद के तमाम संविदा बिजली कर्मी शुक्रवार को संभल बिजलीघर परिसर में एकत्रित हुए। संविदाकर्मी एसडीओ तृतीय कृष्णगोपाल पर शोषण करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। कहा कि एसडीओ तृतीय की ओर से संविदा कर्मियों का मानसिक व आर्थिक रुप से शोषण किया जा रहा है। स्थानांतरण व सेवा समाप्ति के आधार पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कहा गया कि वह काफी समय से शोषण बर्दाश्त कर रहे थे लेकिन अब पानी सर से ऊपर हो गया है।
संविदा कर्मियों ने कहा कि जो आरोप वह लगा रहे हैं उनकी गंभीरता से जांच कराई जाये तो सारा सच सामने आ जायेगा। संविदा कर्मियों ने एसडीओ तृतीय पर शोषण करने का आरोप लगाकर सामूहिक रूप से त्यागपत्र संघ के जिलाध्यक्ष को सौंपे। दूसरी ओर संविदा कर्मियों ने जांच कराकर एसडीओ तृतीय के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सतेंद्र चाहर को सौंपा।
इस दौरान किरणपाल, सुदेश कुमार, विजेंद्र, दिनेश, राजेंद्र सिंह, विकास, राजकुमार, टीकाराम, नईम, मोईन खान,नफीस सैफी, फिरोज हैदर, गफ्फार, रामगोपाल, दिनेश कुमार, सूरजप्रताप शर्मा, खुशीराम, परवीन, विशाल आदि संविदाकर्मी मौजूद रहे। वहीं एसडीओ तृतीय कृष्णगोपाल ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह सिर्फ सरकारी काम करने की बात कर्मचारियों से कहते हैं।
ये भी पढे़ं : Sambhal violence : संभल में 24 नवंबर को सर्वे टीम पर हमला करने की थी बड़ी साजिश
