अमरोहा : कैंटर ने दो बाइक सवार 4 लोगों को कुचला, दंपती समेत तीन की मौत
अमरोहा, अमृत विचार। दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक से गिरे 4 लोगों को कैंटर ने कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
हादसा थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के कांठ रोड स्थित छावी गांव के पास हुआ। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव सिहाली निवासी जयवीर पुत्र समरपाल सिंह के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। रविवार को थाना छजलैट क्षेत्र के ग्राम जस्सू नगला में जयवीर की ममेरी साली की शादी थी। जयवीर पत्नी आदेश के साथ शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहा था। उधर, थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव झनकपुरी के रहने वाले जितेंद्र पुत्र सरवन और चकिया गांव के रहने वाला उनका दोस्त राजू पुत्र सोमपाल बाइक से गन्ना बोने के लिए बीज देखने जा रहे थे। छावी गांव के पास दोनों की बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक से नीचे गिर गए। वहीं दूसरी तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने चारों लोगों को कुचल दिया। हादसे में जयवीर (42) उनकी पत्नी आदेश (38) व जितेंद्र (29) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजू घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजू को अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, जयवीर और आदेश की मौत की जानकारी मिलने पर 10 वर्षीय बेटे, 8 वर्षीय बेटी और वृद्ध मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर क्षतिग्रस्त बाइकों और कैंटर को कब्जे में लिया गया है।
मौत की खबर सुनकर जयवीर के चचेरे भाई की हार्टअटैक से मौत
थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के बाइक सवार जयवीर और उसकी पत्नी आदेश की हादसे में मौत की खबर सुनकर सदमे में उनके चचेरे भाई की हार्टअटैक से मौत हो गई। थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के ग्राम सिहाली बाइक सवार जयवीर सिंह पुत्र समरपाल सिंह एवं उनकी पत्नी आदेश देवी की कैंटर से कुचलकर मौत की खबर सुनकर जयवीर सिंह का चचेरा भाई प्रमोद कुमार पुत्र सूरज भान को हार्ट-अटैक आया और उपचार मिलने से पूर्व ही उसकी मृत्यु हो गई।
ये भी पढे़ं : Amroha : शादी में अनबन होने के बाद बिचौलिया ने की आत्महत्या, शराब के नशे में फंदे से लटका
