Bareilly: सोशल मीडिया का इस्तेमाल बना रहा डायबिटीज और हाइपरटेंशन का मरीज !
एनसीडी स्क्रीनिंग में शहरी क्षेत्र में 5.19 लाख मरीजों में 3.3 लाख में मिले लक्षण
बरेली, अमृत विचार। शहरी क्षेत्र में मधुमेह और हाइपरटेंशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एनसीडी स्क्रीनिंग की रिपोर्ट में 5,18,684 लोगों की स्क्रीनिंग में 1,67,899 में हाइपरटेंशन और 1,65,901 में मधुमेह के लक्षण मिले हैं। डॉक्टर इसकी वजह सोशल मीडिया का अधिक इस्तेमाल और अनियमित खानपान बता रहे हैं।
एनसीडी की टीमों ने शहरी क्षेत्र में दिसंबर 2024 से फरवरी तक 277268 पुरुषों और 165901 महिलाओं की स्क्रीनिंग की। शहरी क्षेत्र में फरवरी की शुरुआत में 16 फीसदी ही स्क्रीनिंग की जा रही थी लेकिन शासन की निगरानी की वजह से महीने के अंत तक आंकड़ा 30 फीसदी तक पहुंच गया। एनसीडी के अंतर्गत हाइपरटेंशन, मधुमेह और ओरल कैंसर की पहचान की जाती है। स्वास्थ्य विभाग टीमों से रिपोर्ट लेकर शासन को सूचना भेजता है। मधुमेह, हाइपरटेंशन, कैंसर समेत अन्य गैर संक्रामक रोगों से ग्रसित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में एनसीडी क्लीनिक स्थापित किया गया है। इसमें रोजाना 100 से 120 मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है।
शहर में तीन स्वास्थ्य केंद्र अव्वल
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के अनुसार जिले में टीमों की ओर से एनसीडी स्क्रीनिंग की जा रही है। देहात की तुलना में शहरी क्षेत्र की स्थिति ठीक है। सीबीगंज, मढ़ीनाथ और पुराना शहर एनसीडी टॉप तीन में शामिल हैं। अन्य को भी प्रेरित किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-कुट्टू का आटा खाने वालों हो जाओ सावधान, FSDA ने दी चेतावनी... बरतें ये सावधानी
