विधानसभा में शिक्षा मंत्री का ऐलान, बिहार में शिक्षकों का तबादला अगले दो महीने में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने विधानसभा में आज घोषणा की कि शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया अगले दो महीने में पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने विधानसभा में मंगलवार को भोजनावकाश से पूर्व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) सदस्य सूर्यकांत पासवान के प्रश्न के उत्तर में बताया कि शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए कुल एक लाख 90 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की जांच निर्धारित समय सीमा के भीतर की जाएगी और रिक्तियों के आधार पर शिक्षकों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापित किया जाएगा। 

पासवान ने अपने पूरक प्रश्न में कहा कि 1.90 लाख शिक्षकों ने विशेष परिस्थितियों, जैसे गंभीर बीमारी या अन्य वास्तविक कारणों से स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था, लेकिन सरकार द्वारा अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने सरकार से स्थानांतरण प्रक्रिया की निश्चित समय-सीमा के बारे में जानकारी मांगी। इसके जवाब में मंत्री ने विधानसभा को सूचित किया कि अब तक गंभीर बीमारी से पीड़ित 40 से अधिक शिक्षकों के स्थानांतरण किए जा चुके हैं और शेष आवेदनों का शीघ्र निपटान किया जाएगा। 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षकों को स्थानांतरण के लिए 10 विकल्प देने के लिए कहा गया है। शिक्षा विभाग का सॉफ्टवेयर पूरी तरह तैयार है और पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का उसी के अनुरूप निपटारा किया जाएगा। उन्होंने महिला एवं दिव्यांग शिक्षकों के स्थानांतरण और पदस्थापना के संबंध में संदीप सौरभ और अजय कुमार के प्रश्नों के उत्तर में कहा कि सरकार उनके आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कार्य कर रही है। 

ये भी पढ़ें- किसी को ‘मियां-तियां’, ‘पाकिस्तानी’ कहना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अपराध नहीं: सुप्रीम कोर्ट

संबंधित समाचार