गोंडा: अवैध वाहनों के संचालन पर प्रशासन सख्त, बिना परमिट संचालित हो रही डबल डेकर बस समेत 10 वाहन सीज    

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। जिले में बिना परमिट के दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। दो दिनों में एक डबल डेकर बस समेत 10 वाहनों को सीज किया गया है।  

जिले में बिना परमिट संचालित होने वाले वाहनों की भरमार है। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर गांव देहात तक डग्गामार वाहन सवारी भरते नजर आते हैं। इनके लिए नियम कानून भी कोई मायने नहीं रखता। क्षमता से अधिक सवारी बैठाना आम बात है। इन्हीं में डबल डेकर बसें पूरे जिले के लिए मुसीबत बनी हैं। इन बसों का संचालन करने वाले ठेकेदारों ने प्रत्येक कस्बे में अपना अड्डा बना रखा है। इससे सरकार को राजस्व ही क्षति के साथ यातायात व्यवस्था भी ध्वस्त है। आए दिन इनकी शिकायतें जिला प्रशासन तक पहुंच रही थीं। अब प्रशासन इनके खिलाफ कार्रवाई के मूड में आ गया है। डीएम के निर्देश पर परिवहन विभाग ने इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।  

यात्री कर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी के नेतृत्व में मंगलवार को अभियान चलाकर बिना परमिट के संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। बुधवार को भी यह अभियान जारी रहा। यात्री कर अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटरा बाजार में बिना परमिट के संचालित हो रही डबल डेकर बस को सीज कर दिया। बस स्टेशन के पास अनाधिकृत रूप से सवारियां भर रही टैक्सी को भी जब्त किया गया।

यात्री कर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि बिना परमिट संचालित हो रही 5 टैक्सी, एक डबल डेकर बस, 2 ट्रक व 2 डीसीएम समेत कुल 10 वाहनों को सीज किया गया है। प्रशासन अवैध परिवहन पर लगातार कार्रवाई कर रहा है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ये भी पढ़ें- Gonda News: गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर‌ महिला की मौत : दतौली चीनी मिल के समीप हुई दुर्घटना

संबंधित समाचार