Gonda News: दतौली चीनी मिल के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर‌ महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

Gonda Accident News : गोंडा जनपद में एक बड़ा हादसा हो गया।  बाजार से घर वापस लौट रही महिला को गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली ने रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना से महिला के परिवार में कोहराम मच गया। 

मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के उपाध्यायपुर ग्रंट के मजरा बालेपुरवा की रहने वाली 40 वर्षीय सुनीता पत्नी लल्लूराम विश्वकर्मा बुधवार को बाजार गयी थी। बाजार से वापस लौटते समय वह दतौली चीनी मिल पेट्रोल पंप के पास सड़क के किनारे खड़ी थीं। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर -ट्राली ने उन्हें  रौंद दिया। ट्राली का पहिया  महिला के सिर को कुचलता हुआ निकल गया। इस हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी।  हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

दतौली चौकी प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतका के शव को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। हादसे के बाद भारी भीड जमा हो गयी और यहां जाम की स्थिति बन आई। मृतका के पति लल्लूराम ने अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। ट्रैक्टर ट्राली को कोतवाली परिसर में खडा कराया गया है।

यह भी पढ़ें- Gonda News : जिले में निशुल्क बांटा गया महाकुंभ से आया 4500 लीटर गंगाजल

संबंधित समाचार