लखीमपुर खीरी : दोस्त ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मूड़ा सवारान, अमृत विचार। गोला कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंठिया में बुधवार को पहले दोस्त ने युवक को शराब पिलाई। उसके बाद घर में घुसकर उसकी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। बताते हैं कि उसे शक था कि उसकी पत्नी को भगाने में उसके दोस्त का ही हाथ था। दिनदहाड़े हुई वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव भैठिया निवासी अशोक और जाहिद के घर आमने-सामने हैं। दोनों आपस में गहरे दोस्त थे। साथ ही उठना बैठना था। गांव में चर्चा है कि आरोपी अशोक कुमार की पत्नी पिछले कुछ महीने पहले किसी के साथ चली गई है। जिस लड़के के साथ उसकी पत्नी गई है वह लड़का मृतक के किसी रिश्तेदार के साथ रहता था। अशोक कुमार को शक था कि उसकी पत्नी काे भगाने में जाहिद का हाथ था। इसलिए वह उससे रंजिश मानता था। मृतक अशोक के पिता रोज अली ने बताया कि उसका पुत्र घर पर था। सुबह करीब नौ बजे अशोक कुमार उसके घर आया और उसके बेटे जाहिद के साथ बैठकर शराब पी और चला गया। इसके कुछ देर बाद वह अपने घर से कुल्हाड़ी ले आया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते। इससे पहले ही उसने जाहिद पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार किए। परिजनों ने जब उसे रोकने की कोशिश की। तो उसने जान से मार देने की बात कहते हुए सभी को दौड़ा लिया और घटना को अंजाम देकर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। एएसपी नेपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएं हैं। पुलिस ने पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात कर दी गई है।
अशोक कुमार और जाहिद के बीच गहरी दोस्ती थी। अशोक ने जाहिद की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की है। उसे गिरफ्तार कर आला कत्ल भी बरामद किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शांति व्यवस्था को लेकर गांव में ऐहितायतन पुलिस बल तैनात किया गया है। -नेपाल सिंह एएसपी (पश्चिमी)
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : विष्णुपुर गांव में भीषण आग, 22 से अधिक घर जलकर राख...लाखों का नुकसान
