Kanpur: गौकशी के आरोप में युवक की पिटाई, जंगल में गोवंश के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
कानपुर, अमृत विचार। छावनी थानाक्षेत्र में जंगलों में गोकशी का आरोप लगाकर बजरंग दल कार्यकर्ता समेत भाजपा पार्षद ने एक आरोपी को बुरी तरह से पीट दिया और जमकर हंगामा काटा। सूचना पर जाजमऊ और छावनी थाने का फोर्स पहुंचा। इसके बाद हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को शांत कराकर घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
भाजपा के वार्ड 29 ओमपुरवा के पार्षद जितेन्द्र चौरसिया ने बताया कि शुक्रवार रात उन्हें स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना मिली कि छबीलेपुरवा के आगे जंगल में गोवंश को काटा जा रहा है। जिस पर पार्षद समेत बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और चार में से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। जबकि तीन आरोपी मौके से भाग निकले।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आरोपी को बुरी तरह से मारपीट की। साथ ही मौके पर कार्यकर्ताओं को एक गोवंश बंधा पड़ा मिला। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर जाजमऊ और छावनी थाने की पुलिस पहुंची और कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
जिसके बाद पुलिस घायल हुए आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। छावनी इंस्पेक्टर अरिवन्द कुमार राय ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने गोकशी का आरोप लगाया है। मौके पर एक गोवंश भी बंधा मिला है। लेकिन किसी प्रकार के धारदार हथियार नहीं मिले हैं। फिलहाल मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
