संभल : सर्राफ के घर से 13 लाख की नगदी सहित 20 लाख का सामान समेटा
पुलिस चौकी से 100 कदम की दूरी पर बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
बहजोई, अमृत विचार। अपनी बेटी की शादी के समारोह में गए सर्राफ परिवार के सूने घर को निशाना बनाते हुए सीढ़ी लगाकर घर में बदमाश प्रवेश कर गए। बदमाशों ने एक-एक कर सभी कमरों को खंगाला। कमरों में रखी 13 लाख की नगदी, 7 लाख के जेवर सहित 20 लाख का सामान समेट कर फरार हो गए। सुबह जब परिवार वापस आया तो यह सब देखकर दंग रह गया। सर्राफ ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को थाना में तहरीर दी है।
बहजोई कोतवाली के गांव पाठकपुर निवासी दिनेश वर्मा का घर पाठकपुर चौकी से 100 कम दूरी पर है। वह बृहस्पतिवार को अपनी बेटी करिश्मा की शादी समारोह में परिवार सहित जनपद बुलंदशहर के छतारी गए हुए थे। रात्रि में किसी समय सर्राफ के घर के पीछे सीढ़ी लगाकर अज्ञात बदमाश उनके घर में प्रवेश करके जाल के सहारे बदमाश आंगन में उतर आए। उन्होंने सभी कमरों का ताला तोड़कर एक-एक कर जमकर खंगाला। कमरों में अलमारी का भी ताले तोड़ा जिसमें रखे 13 लाख की नगदी, सोने की दो चूड़ी, एक सोने का हार, एक रानी सेट, दो सोने की अंगूठी, टीका, गुच्छा, तोड़िया, रेशम पत्ती तथा 3 लाख का गिरवी सोने चांदी के जेवर तथा अन्य कपड़े सहित 20 लाख का सामान समेटकर चोर फरार हो गए। सुबह 9:30 बजे के लगभग जब सर्राफ परिवार शादी समारोह करके वापस लौटा तो उन्होंने अपने घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो वह सामान बिखरा देखकर दंग रह गए। कमरों के अंदर जाकर देखा तो सभी कीमती सामान गायब था। उन्होंने इसकी सूचना पाठकपुर चौकी पुलिस को दी। चौकी से पुलिस पहुंची उन्होंने घटना के बारे में जानकारी की। बदमाशों की तलाश करने की कोशिश की लेकिन बदमाश का कोई सुराग नहीं लगा। अब सर्राफा व्यापारी दिनेश वर्मा ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को कोतवाली में तहरीर दी है।
ये भी पढ़ें - दिल्ली से संभल पहुंचे हिंदू संगठनों के लोग, प्रशासन ने नहीं दी विवादित स्थल पर हवन-पूजन की इजाजत, कहा-फिर आएंगे
