बदायूं: गेहूं के खेत में मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका

बदायूं: गेहूं के खेत में मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका

म्याऊं, अमृत विचार: थाना अलापुर क्षेत्र में ईंट भट्ठे के मजदूर का शव गेहूं के खेत में मिला। उसके गले में गमछा बंधा था, और कुछ ही दूरी पर उसकी साइकिल खड़ी थी, जिसके हैंडल पर मार्टिन का पैकेट टंगा था। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूर के परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शनिवार दोपहर राहगीरों ने अभियासा गांव के मार्ग किनारे गेहूं के खेत में युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। युवक के गले में गमछा पड़ा था, जबकि आसपास की गेहूं की फसल ठीक थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो। सूचना मिलने पर अलापुर पुलिस मौके पर पहुंची।

युवक की पहचान अलापुर थाना क्षेत्र के गांव चितौरा धनौरा निवासी रामवीर (45) पुत्र भोला के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर रामवीर के परिजन चीत्कार करते हुए पहुंचे। उन्होंने बताया कि रामवीर गांव अभियासा के ईंट भट्ठे पर अपनी पत्नी दुर्गा देवी व बच्चों के साथ रहकर ईंट पाथने का काम करते थे।

वह शुक्रवार शाम मार्टिन लेने के लिए साइकिल से कस्बा अलापुर गए थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इस पर पत्नी ने ईंट भट्ठा मालिक को इसकी जानकारी दी और आसपास रामवीर की तलाश कराई गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने किसी से कोई रंजिश नहीं बताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- कासगंज: 'महिलाएं हर क्षेत्र में आ रहीं आगे, आत्मविश्वास से बढ़ाएं कदम'