बाराबंकी: जहर देकर पत्नी को मारने की कोशिश, सिपाही पति पर महिला ने लगाया और भी आरोप...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। एक विवाहिता ने हरदोई जिले में तैनात अपने सिपाही पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित की जा रही विवाहिता को जहर देकर मारने का प्रयास किया गया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर सिपाही समेत ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मौलाबाद के रहने वाले दीनानाथ की पुत्री रिंकी देवी का विवाह 2018 में गांव के ही अजय कुमार के साथ हुआ था। विवाहिता का कहना है कि उसके पति अजय कुमार, जो कि हरदोई जिले के गौसगंज थाना क्षेत्र की कासिमपुर पुलिस चौकी पर कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, शादी में दहेज के रूप में नकद 5 लाख रुपये, एक मोटरसाइकिल, सोने की चेन, अंगूठी, कीमती कपड़े और बर्तन दिए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष इससे खुश नहीं था। उन्होंने 12 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की, जिसे पूरा न करने पर पीड़िता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। रिंकी ने अपने पति अजय कुमार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया है।

उनका कहना है कि जब वह अपने पति के साथ हरदोई गईं, तो उन्हें आलू की टिक्की खाने को दी गई। संदेह होने पर उसे बाहर फेंक दिया गया, जिसे एक कुत्ते ने खा लिया और अगले दिन वह मरा हुआ पाया गया। इसके बाद यकीन हो गया कि उनके खिलाफ बड़ी साजिश रची जा रही है। रिंकी के अनुसार, जब उनके पिता और बहन 9 जनवरी को समझाने के लिए ससुराल पहुंचे, तो पति और ससुरालवालों ने फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी। जब उनके पिता ने असमर्थता जताई, तो सभी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया।

ये भी पढ़ें- Barabanki News : न्यायाधीश के आवास में चोरी, चालक ने कुबूला जुर्म 

संबंधित समाचार