शाहजहांपुर: लव जेहाद के खिलाफ हुआ जमकर प्रदर्शन, कचहरी रोड पर लगा जाम
अमृत विचार, शाहजहांपुर। लव जेहाद के मामले में हिंदू संगठन व सिख समाज ने किशोरी की बरामदगी और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर जमकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लव जेहाद का पुतला फूंका। करीब तीन घंटे तक कचहरी रोड पर जाम लगा रहा। जिले …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। लव जेहाद के मामले में हिंदू संगठन व सिख समाज ने किशोरी की बरामदगी और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर जमकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लव जेहाद का पुतला फूंका। करीब तीन घंटे तक कचहरी रोड पर जाम लगा रहा। जिले की ज्यादातर तहसीलों से हिंदू संगठन व सिख समुदाय के लोगों ने धरना प्रदर्शन में हिस्सा लिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। कलेक्ट्रेट गेट पर लव जेहाद का पुतला फूंका गया। बाद में डीएम और एसपी ने ज्ञापन लेकर किशोरी की बरामदगी व आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
थाना निगोही क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली सिख समुदाय की किशोरी को 15 अक्टूबर को गैर समुदाय का युवक उस्मान अगवा कर ले गया था। मामले में उस्मान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर हिंदू संगठनों और सिख समुदाय के लोगों ने निगोही थाने का घेराव भी किया था। तब पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका। किशोरी के परिजन लगातार उसकी बरामदगी को लेकर आला अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे।
दो दिन पहले किशोरी के परिजन जिले के आला अधिकारी से मिले थे। उन्होंने किशोरी को बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई थी। आरोप है कि आला अधिकारी ने किशोरी के परिजनों के साथ अभद्रता की। इससे मामला और गरमा गया। सिख समुदाय के लोगों ने हिंदू संगठनों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार की। सोमवार सुबह करीब 11 बजे सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट गेट पर एकत्र होने लगे। अधिकारियों के निर्देश पर कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद करा दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कचहरी रोड पर जाम लगा दिया। सड़क पर बैठकर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सैकड़ों की भीड़ में तमाम महिलाएं भी शामिल रहीं। इस दौरान पुलिस बेबस नजर आई।
लव जेहाद का फूंका पुतला
प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन पुलिस के अधिकारियों के अलावा खुफिया एजेंसी भी पूरे मामले पर नजर रखे हुए थी। इसके बाद भी पुलिस को चकमा देकर बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर लव जेहाद का पुतला फूंक दिया। पुतले में लगे पटाखों के फटने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत किया। डीएम-एसपी ने ज्ञापन लेकर दिया आश्वासन
डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसपी एस आनंद धरना स्थल पर पहुंचे और ज्ञापन लेकर आश्वासन दिया कि जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया जाएगा।
अभद्रता करने पर महिला ने चप्पलों से पीटा
प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने एक युवक पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आरोपी को पहले थप्पड़ों से पीटा और फिर चप्पल निकालकर कई चप्पल मारीं। इस दौरान पुलिसकर्मी महिला को मना करते रहे लेकिन महिला पुलिस न होने के कारण महिला को रोक नहीं सके। पुलिस ने किसी तरह युवक को बचाया और उसे हिरासत में लिया।
