दक्षिण कोरिया से 78 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा अयोध्या, रानी हो पार्क में अर्पित किये श्रद्धासुमन  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। दक्षिण कोरिया और अयोध्या के बीच सदियों पुराना रिश्ता एक बार फिर जीवंत हो उठा। गुरुवार को दक्षिण कोरिया के करक राजवंश के प्रतिनिधियों सहित 78 सदस्यीय डेलिगेशन अयोध्या पहुंचा था। इस मौके पर मेहमानों ने सबसे पहले सरयू तट स्थित रानी हो मेमोरियल पार्क में अपनी सांस्कृतिक धरोहर को याद करते हुए अपने पूर्वजों के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने भव्य राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया और सरयू नदी के तट पर आरती के अलौकिक दृश्य के साक्षी बने। 
 
राम नगरी अयोध्या की नई चमक और व्यवस्था को देखकर प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अभिभूत हुए और सीएम योगी की प्रशंसा करते हुए अयोध्या के रिश्तों की भी चर्चा की। वहीं शाम ढलते ही लेजर शो की रंगीन छटा ने मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रात में पारंपरिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली, जहां आठ कलाकारों ने अपनी कला से सबका मन मोह लिया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य विमलेन्द्र प्रताप मोहन मिश्र और साहित्यकार यतीन्द्र मिश्र से मुलाकात की और उनके साथ रात्रिभोज का आनंद लिया। 

रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे प्रतिनिधिमंडल के सदस्य आगरा के लिए रवाना हुए। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे राजन सिंह ने बताया कि दक्षिण कोरिया के सभी सदस्य अपने पूर्वजों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए पहुंचे हैं। डॉ. आशीष ने बताया कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव लंबे समय से रहा है। यह दौरा न केवल उस बंधन को मजबूत करेगा, बल्कि दो महान संस्कृतियों के संगम का साक्षी भी बनेगा।

यह भी पढ़ें: बहराइच : पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान, सदमें में पड़ोसी बुजुर्ग की भी मौत

संबंधित समाचार