लखीमपुर खीरी में नगर पालिका ने टैक्स वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाया, 41 नोटिस जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: वित्तीय सत्र समाप्त होने वाला है। इस पर पालिका प्रशासन ने गृहकर और जलकर की वसूली तेज कर दी है। इसके लिए मोहल्लों में अभियान चलाने के साथ 41 बड़े बकाएदारों को नोटिस जारी किए हैं। इन सभी पर 15 लाख रुपये की बकाएदारी है।

नगर पालिका प्रशासन ने टैक्स वसूली को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। शहर में व्यापक स्तर पर वसूली के लिए अभियान चलाने के साथ बकाएदारों के खिलाफ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। विभागीय लोगों के मुताबिक शहरवासियों पर गृहकर और जलकर का लाखों रुपया नगर पालिका का बकाया है।

बकाएदारी करोड़ों में पहुंच गई है। हालांकि इसके लिए कर्मचारी मोहल्लों में जाकर टैक्स वसूल रहे हैं। इसके बावजूद लोग जलकर और गृहकर जमा करने में आनाकानी कर रहे हैं।

पालिका के लोगों ने बताया कि 41 को नोटिस जारी किए हैं। इन सब पर 15 लाख से अधिक का टैक्स बकाया है। इनमें से एक खाताधारक पर ही छह लाख रुपये नगर पालिका का बकाया है। नोटिस उन्हीं को जारी किए हैं जो लगातार चेतावनी के बावजूद टैक्स नहीं जमा कर रहे थे।

ईओ संजय कुमार ने बताया कि सभी के लिए टैक्स समय पर जमा करना आवश्यक है, क्योंकि इसी राशि से नगर पालिका विकास कार्य करती है। यदि कर समय पर नहीं चुकाया गया तो विकास कार्य प्रभावित होंगे और इसका खामियाजा नागरिकों को ही भुगतना पड़ेगा। नियमित टैक्स भुगतान से नागरिकों पर वित्तीय भार भी नहीं बढ़ेगा और नगर पालिका को वसूली के लिए अतिरिक्त मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।

फैक्ट फाइल
नगर की आबादी: करीब दो लाख
नगर में कुल आवास: करीब 30000

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में बाघ-तेंदुआ का आतंक, ग्रामीणों में भय का माहौल

संबंधित समाचार