Kanpur: 23 मार्च को शहर में आएंगे मुख्यमंत्री योगी, बिठूर महोत्सव में होंगे शामिल, विकास कार्यों पर करेंगे चर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 मार्च को बिठूर महोत्सव में आएंगे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ समग्र विकास पर चर्चा भी करेंगे। जूही खलवा पुल, रिंग रोड व यातायात सुधार, गंगा रिवर फ्रंट जैसी योजनाओं पर बात होगी।

विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने बिठूर महोत्सव के समापन पर मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। उनके आने का कार्यक्रम तय हो गया है, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उनके कानपुर आने को लेकर 22 मार्च को होने वाली अपनी समग्र विकास की बैठक रद करते हुए 23 मार्च को मुख्यमंत्री से विकास पर बात करने का अनुरोध किया। इस पर उन्होंने सहमति जताई। पिछली बार भी सीएम शहर आए थे तो उन्होंने गंगा रिवर फ्रंट, जूही खलवा पुल पर फ्लाईओवर, जलनिकासी, रिंग रोड के काम, यातायात सुधार पर चर्चा की थी। इस बार वह इन कामों की प्रगति जानेंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों को लेकर चर्चा करेंगे।

उत्तर जिले में पदाधिकारियों के बैठने के दिन तय

भाजपा कानपुर उत्तर के जिला कार्यालय परेड पर जिला पदाधिकारियों के बैठने के दिन तय कर दिये गये हैं। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पदाधिकारियों को अलग-अलग दिन आवंटित किये। पदाधिकारी अपने आवंटित दिन में विशेष रूप से जिला कार्यालय पर उपस्थित रहेंगे। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया जिले के पदाधिकारियों को अपने आवंटित दिन में दोपहर 1 बजे से 5 तक उपस्थित रह कर आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनना होगा और संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर के समस्याओं का निराकरण करवाना होगा। जिला मॉनिटरिंग टीम की संयोजक सुनीता गौड़ और जिला कार्यालय मंत्री रोहित साहू प्रत्येक दिन कार्यालय में रहेंगे।

यह भी पढ़ें- Kanpur: एनसीआर की तर्ज पर नगर निगम किराये पर देगा अपना भवन, जोन-3 में कार्यालय के लिए शासन ने दिये 13 करोड़

 

संबंधित समाचार