मुरादाबाद : विनोद गुंबर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और हाजी जुनैद कुरैशी बने महानगर अध्यक्ष

तीन साल बाद पंजाबी समाज से विनोद गुंबर को कमान, महानगर अध्यक्ष पद पर नए चेहरे पर दांव

मुरादाबाद : विनोद गुंबर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और हाजी जुनैद कुरैशी बने महानगर अध्यक्ष

मुरादाबाद,अमृत विचार। आखिरकार कांग्रेस ने भी लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को जिला व महानगर अध्यक्षों की ताजपोशी कर ही दी। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की तरह पंजाबी समाज से विनोद गुम्बर को लगभग तीन साल के विराम के बाद दोबारा जिले की कमान दी है तो वहीं महानगर में नए चेहरे पर दांव खेला गया है। बता दें की भारतीय जनता पार्टी ने महानगर अध्यक्ष पद पर पंजाबी समाज के गिरीश भंडूला को जिम्मेदारी सौंपी है।

मुरादाबाद कांग्रेस में जिला व महानगर अध्यक्षों में बदलाव की प्रक्रिया पिछले तीन माह से चल रही थी। जिसमे दो बार यहां व एक बार लखनऊ में दावेदारों से साक्षात्कार भी दिल्ली के नेताओं ने लिया था। बदलाव के कयास भी तभी से लगने लगे थे। हालांकि मौजूदा जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद जहां अपने रिन्यूवल की कोशिशों में पूरे जोर शोर से लगे हुए थे तो वहीं महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा अपनी पदोन्नति की जुगत में जुटे थे। इसके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी अपने नेताओं के सहारे अध्यक्ष पद के लिये प्रयास किये थे। लेकिन, बाजी उन्हीं के हाथ लगी जो वायनाड हो आये थे। 

विनोद गुम्बर पहले भी 17 महीने जिले की कमान सफलतापूर्वक चला चुके हैं। इस अवधि में उन्होंने जिले में पार्टी संगठन को मजबूती से खड़ा भी किया था। साथ ही डेढ़ दर्जन राजनीतिक मुकदमे भी उन पर लगे। इसी का इनाम उन्हें दोबारा जिलाध्यक्ष क रूप में मिला है। महानगर अध्यक्ष पर इम्पोर्टेड अध्यक्ष के रूप में नए चेहरे की ताजपोशी ने पुराने दिग्गजो में हलचल पैदा कर दी है। बहरहाल बुधबाजार क्षेत्र में भाजपा व कांग्रेस ने आमने-सामने अपने-अपने अध्यक्ष मनोनीत कर सियासत को दिलचस्प तो बना ही दिया है। गुरुवार को जैसे ही जिला और महानगर अध्यक्षों की सूची जारी हुई तो विनोद गुंबर और हाजी जुनैद को बधाई देने वालों का तांता उनके आवास पर लग गया।

पिता हाजी इकराम कुरैशी के साथ 2022 में कांग्रेस से जुड़े जुनैद
कांग्रेस द्वारा महानगर अध्यक्ष बनाए गए हाजी जुनैद कुरैशी सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री और मुरादाबाद की देहात विधानसभा से विधायक रहे हाजी इकराम कुरैशी के बेटे हैं। हाजी इकराम कुरैशी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में देहात विधानसभा से टिकट कटने के बाद कांग्रेस का दामन थामा था। इस दौरान हाजी जुनैद कुरैशी ने भी कांग्रेस ज्वाइन की थी। अमृत विचार से बातचीत में हाजी जुनैद कुरैशी ने कहा कि जो जिम्मेदारी पार्टी ने उन्हें दी है उसे वह निष्पक्षता से निभाएंगे। उनका कहना है कि पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाएगा।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : 30 अप्रैल तक रद्द रहेगी राज्यरानी एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें, गरीब रथ भी शॉर्ट टर्मिनेट...जानिए क्यों?