बहराइच: पुलिस पर दबाव बनाने के लिए अध्यक्ष पति ने घाघरा में लगाई थी छलांग, केस दर्ज    

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जरवलरोड/बहराइच, अमृत विचार: जिले के जरवल नगर पंचायत अध्यक्ष पति ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए शुक्रवार शाम को घाघरा नदी में छलांग लगा दी थी। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने अध्यक्ष पति के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

जरवल रोड थाना क्षेत्र के नगर पंचायत जरवल के 10 सभासदों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही अध्यक्ष तस्लीम बानो और अध्यक्ष पति हिस्ट्रीशीटर इंतजार अहमद उर्फ मिथुन पर गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद सभी ने कार्रवाई के लिए डीएम, एसपी और एडीएम को शिकायती पत्र दिया था। इसकी जानकारी होने पर अध्यक्ष पति जरवल चौकी पहुंचे। 

जरवल चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने तहरीर में लिखा है कि इंतजार अहमद ने बताया कि 10 सभासदों ने उनके विरुद्ध शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। अगर आप इन सभी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करेंगे तो हम कुछ भी कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने घाघरा नदी में शाम छह बजे छलांग लगाई। यह पुलिस पर दबाव बनाने का षड्यंत्र है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार रावत ने बताया कि उप निरीक्षक की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने और पुलिस पर दबाव बनाने का केस अध्यक्ष पति पर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- बहराइच : गर्भवती समेत चार महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार