बरेली: चौकी इंचार्ज के लाइन हाजिर से नहीं संतुष्ट भजन गायिका, अब की ये मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जागरण के दौरान भजन गायिका से गैनी चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की थी। मामले में चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया था लेकिन भजन गायिका इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने बुधवार को एसएसपी और मुख्यमंत्री से लिखित शिकायत कर चौकी इंचार्ज को बर्खास्त करने की मांग की है। बता …

बरेली,अमृत विचार। जागरण के दौरान भजन गायिका से गैनी चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की थी। मामले में चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया था लेकिन भजन गायिका इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने बुधवार को एसएसपी और मुख्यमंत्री से लिखित शिकायत कर चौकी इंचार्ज को बर्खास्त करने की मांग की है।

बता दें कि पिछले दिनों भजन गायिका खुशबू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह रोते हुए अपनी पीड़ा बयां करती नजर आई थीं। उन्होंने बताया कि वह गैनी के पास सूदनपुर गांव में आयोजित भजन संध्‍या में शिरकत करने गई थीं। रात में जब वह भजन गा रही थीं तो गैनी चौकी इंचार्ज नशे में वहां आ पहुंचा और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को पीटने लगा।

इसके बाद उसने मंच पर पर्ची भिजवाकर अपने पसंदीदा भजन गाने को कहा। चौकी इंचार्ज के कहने पर उनकी फरमाइश का गाना भी गाया मगर वह संतुष्‍ट नहीं हुआ और मंच पर चढ़ गया। आरोप है कि मंच पर आते ही दरोगा ने कथित रूप से खुशबू को गालियां देनी शुरू कर दिया।

खुशबू इसके बाद वहां से किसी तरह निकलकर अपनी कार में आकर बैठ गईं तो दरोगा वहां भी आ गया और लगातार गाली-गलौच करता रहा। जाते समय कह गया कि यहां से निकलकर बाहर आ, तब देखूंगा। दहशत में खुशबू गांव में ही रुकी रहीं। बाद में गांव वालों ने एक कार में खुशबू और उनके साथ के लोगों को रम्‍पुरा गांव तक पहुंचाया।

मामले में चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इस पर बुधवार को भजन गायिका ने लाइन हाजिर करने पर असंतोष जाहिर किया है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से चौकी इंचार्ज को बर्खास्त करने की मांग की है।

भजन गायिका ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया है कि इस तरह के कृत्य से प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग पर अंगुली उठी है। जिनके कंधों पर महिलाओं और समाज की सुरक्षा का दायित्व है, वही महिलाओं से अभद्रता कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पुलिस विभाग में रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने चौकी इंचार्ज को बर्खास्त करने की मांग की है।

संबंधित समाचार