बहराइच: आग लगने से राख के ढेर में तब्दील हुआ मोतीपुरवा गांव, 15 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान    

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खैरीघाट/बहराइच, अमृत विचार। जनपद के मोतीपुरवा गांव में शुक्रवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसके चलते गांव में बने सभी फूस के मकान जल गए। 60 घर पूरी तरह जल गए। 15 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।  

खैरीघाट थाना क्षेत्र के मोतीपुरवा में शुक्रवार को शाम को अज्ञात कारणों से एक फूस के मकान में आग लग गई। हवा तेज चलने की वजह से आग पूरे गांव में फैल गई, जिसमें फूस के करीब पांच दर्जन घर जलकर राख हो गए। इनमें खुशी राम, चमेली, फौजदार, बनवारी, सुमन, सम्मारी, गोविंद, रमेश, राम मूरत समेत 60 लोग शामिल हैं। 

आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी ने आग बुझाई। ग्रामीणों के मुताबिक 15 से 20 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सभी खुले आसमान तले रहने को विवश हैं। मौके पर तहसीलदार नानपारा अम्बिका चौधरी सहित राजस्व के कर्मचारी क्षति का आकलन कर रहे हैं। एसडीएम अंजनी यादव ने मौके का निरीक्षण किया। 

उन्होंने बताया कि सभी को तिरपाल और खाद्यान्न वितरण किया गया है। जल्द ही खातों में आर्थिक सहायता राशि भेजी जाएगी। उपजिलाधिकारी नानपारा ने बताया कि गांव में फूस के बने लगभग सभी मकान जल गए हैं। किसी भी जन और पशु को हानि नहीं हुई है, नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- बहराइच: सड़क हादसों में महिला और युवक की मौत, आठ घायल  

संबंधित समाचार