बरेली: फिर फटी पानी की पाइपलाइन, पानी को तरसे सिकलापुरवासी
बरेली,अमृत विचार। नगर निगम रोड पर ट्रंक सीवर लाइन के लिए खोदे जा रहे गड्ढे के कारण पानी की पाइपलाइन फटने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षतिग्रस्त जलापूर्ति लाइन के कारण सिकलापुर मोहल्लों की जलापूर्ति दिनभर प्रभावित रही। बुधवार की देर शाम तक जलापूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी जबकि पानी सड़क …
बरेली,अमृत विचार। नगर निगम रोड पर ट्रंक सीवर लाइन के लिए खोदे जा रहे गड्ढे के कारण पानी की पाइपलाइन फटने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षतिग्रस्त जलापूर्ति लाइन के कारण सिकलापुर मोहल्लों की जलापूर्ति दिनभर प्रभावित रही। बुधवार की देर शाम तक जलापूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी जबकि पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन प्रभावित रहा।
नगर निगम रोड पर ट्रंक सीवर लाइन का कार्य बरेली कालेज गेट के आगे और नगर निगम गेट के बीच में सीवर लाइन को जोड़ने का कार्य चल रहा है। बुधवार की सुबह इसी जगह पर जेसीबी मशीन के पंजे से पानी की पाइपलाइन फट गई। पाइप फटने से सिकलापुर में जल आपूर्ति ठप हो हो गई। इससे पहले भी सीवर लाइन ट्रंक लाइन बिछाने में पानी की लाइन कटने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
इसी जगह पर मंगलवार को भी पाइपलाइन फट गई थी। इतना ही नहीं इस रोड पर पानी की पाइपलाइन कई बार टूट चुकी है। इससे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। करीब दो माह से हो रहे कार्य के दौरान कालीबाड़ी में पानी की पाइपलाइन को नुकसान पहुंच चुका है। अब कालीबाड़ी तक लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है।
सिकलापुर के लोगों का आरोप है कि जेसीबी चालक की लापरवाही से आए दिन इस रोड पर पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। मोहल्ला निवासी राजीव शर्मा ने बताया कि जलापूर्ति ठप होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम को इसकी शिकायत भी की गई लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
