सऊदी अरब में कल मनाई जाएगी ईद...बरेली मरकज से रविवार को चांद देखने का आह्वान

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली,अमृत विचार। सऊदी अरब में शनिवार की शाम शव्वाल माह का चांद दिखाई देने के बाद ईद का एलान कर दिया गया। सऊदी अरब में रविवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। इससे पहले शनिवार को शाम तमाम खाड़ी देशों में चांद देखने के इंतजाम किए गए थे। चांद दिखाई देने के बाद जश्न का माहौल हो गया।

खलीज टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सऊदी अरब सरकार ने एलान किया है कि 30 मार्च रविवार को शव्वाल माह का पहला दिन होगा। इसी दिन मुसलमानों का त्योहार ईदुल फितर मनाया जाएगा। चांद दिखाई देने के साथ ही पवित्र रमजान माह भी विदा हो गया। इस्लामिक महीना 29 या 30 दिनों का होता है। जो चांद दिखने पर निर्भर होता है। लिहाजा शनिवार को चांद दिखाई देने के बाद सऊदी अरब में रमजान का महीना 29 दिन का रहा।

सऊदी अरब में चार दिन की छुट्टी का एलान किया गया है। सऊदी अरब के मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्रालय के मुताबिक ईद की छुट्टियां रविवार 30 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेंगी। 

इधर भारत में रविवार को चांद देखने के लिए हिलाल कमेटियों ने आह्वान किया है। बरेली के दरगाह आला हजरत स्थित मरकजी दारुल इफ्ता की रुयते हिलाल कमेटी की तरफ से लोगों से चांद देखने का आह्वान किया गया। अगर रविवार को ईद का चांद नजर आया तो सोमवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा।

संबंधित समाचार