लखीमपुर खीरी: संदिग्ध हालत में दिव्यांग महिला की मौत, पिता बोला- पीटकर कर दी हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: थाना खीरी के गांव लगुचा निवासी दिव्यांग 25 वर्षीय पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके वालों ने पति व अन्य ससुरालीजनों पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वाले उनकी पुत्री को दहेज की खातिर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उसकी पीटकर हत्या की गई है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

सीतापुर जिले के थाना हरगांव के गांव परसेहरा शरीफ निवासी अशरफी लाल ने बताया कि उन्होंने 11 जून 2023 को अपनी पुत्री सोनी देवी (25) की शादी गांव लगुचा निवासी राजेश के साथ की थी। उसकी पुत्री दाहिने पैर से दिव्यांग है, जबकि राजेश भी हाथ-पैर से दिव्यांग हैं। उन्होंने बताया कि राजेश, उसके पिता सुंदरलाल आदि ससुरालीजन दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी पुत्री को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे थे। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच काफी समय से आपसी मतभेद चल रहा था। 

बुधवार की शाम उन्हें सूचना मिली कि उसकी पुत्री की नाक से खून बह रहा है। उसकी आंखे खुली हैं, लेकिन वह कुछ बोल नहीं पा रही है। वह जिला अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही उसके परिवार में चीख पुकार मच गई। उसके पिता परिवार के अन्य लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे तो उसे पता चला कि उसकी पुत्री को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था। 

उन्होंने पति राजेश, ससुर सुंदरलाल, सास, जेठ संदीप और जेठानी पर लात-घूसों से पिटाई कर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस गहराई से मामले की जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें- Bareilly: सुहागरात पर पत्नी ने दिया जोर का झटका, पति थाने पहुंचा, बोला- बचा लो मुझे साहब!

संबंधित समाचार