हरदोई: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा एक्शन, सीएचसी में तैनात दो नर्सों को हटाया, डॉक्टर पर भी हो सकती है कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहाबाद/हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने स्टाफ नर्स पर पैसे मांगने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद डिप्टी सीएम के निर्देश पर संविदा पर तैनात दो नर्सों पर कार्रवाई की गई है। इतना ही नहीं, सीएचसी में तैनात डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद और लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

शाहाबाद हरदोई के ग्राम सुहागपुर निवासी कमल किशोर गर्भवती पत्नी को लेकर सीएचसी पहुंचे थे। आरोप हैं कि प्रसव से पहले कर्मचारियों ने पैसे मांगे। प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मृत्यु हो गई। परिजनों ने हंगामा किया था। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना का संज्ञान लिया।

हरदोई सीएमओ को मामले की जांच के आदेश दिए। सीएमओ ने जांच कराई। जांच के बाद घटना के वक्त ड्यूटी पर मौजूद दो नर्सों को नया गांव स्थित ट्रॉमा सेंटर से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज निशुल्क है। किसी भी स्तर पर मरीज व परिजन से धनराशि की मांग गलत है। ऐसा करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- हरदोई एसपी का बड़ा एक्शन, कछौना थाने के एसएचओ निलंबित, 8 इंस्पेक्टर और 7 एसआई बदले

संबंधित समाचार