अयोध्या: एक दिन की थानेदार ने की चेकिंग, नहीं किया चालान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को गोसाईगंज थाने में छात्रा को एक दिन का थानेदार बनाया गया। एक दिन की थानेदार ने भीटी तिराहे पर चेकिंग लगाई लेकिन किसी का भी चालान नहीं किया बल्कि …

अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को गोसाईगंज थाने में छात्रा को एक दिन का थानेदार बनाया गया। एक दिन की थानेदार ने भीटी तिराहे पर चेकिंग लगाई लेकिन किसी का भी चालान नहीं किया बल्कि मास्क लगाकर आमजन को जागरूक किया।

प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ’सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन’के नारे के साथ शारदीय नवरात्र के पहले दिन से मिशन शक्ति अभियान शुरू हुआ है। अभियान के तहत महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही उनको आत्मसुरक्षा के लिए जूडो कराटे आदि के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रत्येक थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना कराई गई है।अभियान के तहत ही पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को समझाने और समन्वय बढ़ाने के लिए एक दिन का थानेदार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में गुरुवार को गोसाईगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र के पार्वती गर्ल्स कालेज की छात्रा सोनाली सोनी को एक दिन का थानेदार बनाया। एक दिन की थानेदार बनी सोनाली ने पुलिस महकमे के कार्य प्रणाली को बारीकी से देखा। फरियादियों के जन समस्याओं का सुनवाई कर, निराकरण कराया और विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद थाना क्षेत्र के भीटी तिराहे पर चेकिंग अभियान शुरू कराया।

अभियान के तहत कोरोना काल में बिना मास्क के आ जा रहे लोगों को रोककर हिदायत दी। उनको संक्रमण से बचने के लिए मास्क अनिवार्य रूप से लगाने को कहा तथा ऐसे लोगों को मास्क का भी वितरण किया। यह अलग बात रही कि पूरे चेकिंग अभियान में एक दिन की थानेदार ने किसी का भी चालान नहीं किया।

संबंधित समाचार