औरैया में छत के रास्ते से घुसे चोर, नगदी, जेवरात समेत 20 लाख का माल किया पार, सामान बिखरा देख पीड़ित के उड़े होश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के कुआगांव में चोर छत के रास्ते से घर के अंदर घुस आये। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिये। जब सुबह गृहस्वामिनी ने कमरे के अंदर घर का सामान बिखरा देखा तो वह सन्न रह गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

कुआगांव निवासी कृपाल सिंह के दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। घर पर वह बहू नीलम, पौत्री छाया के साथ रहते हैं। कृपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को खाना खाने के बाद बहू व पौत्री प्रथम तल पर बने कमरे में सोने चली गई थी। इसके बाद वह भी अपने कमरे में चला गया। 

Theft In Auraiya 22

देर रात को चोर छत पर चढ़ आए और छत के रास्ते से आंगन में उतर आए। चोर बहू के कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर 10 अंगूठी, हार, जंजीर, झुमके सहित 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। सुबह आठ बजे पौत्री छाया कमरे का दरवाजा खोलकर झाडू लगाने गई तो उसे अलमारी का लॉक टूटा मिला। कमरे में चारों ओर जेवरात के खाली डिब्बे बिखरे थे। चोर घर से 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए हैं। 

घटना की जानकारी पर शुक्रवार रात को सीओ अजीतमल अशोक कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने के साथ घर के आसपास भी छानबीन की। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- नौकरी छूटने पर बनाई लूट की योजना, दोस्त के साथ वारदात काे दिया अंजाम: औरैया में पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार...

संबंधित समाचार