शाहजहांपुर: फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव...परिजन बोले दहेज की खातिर हुई हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर/निगोही, अमृत विचार। निगोही क्षेत्र के गांव खिरिया पश्चिमी में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर कमरे में दुपट्टे से पंखे के कुंडे से लटका मिला। मृतका के मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की मृतका की मां ने ससुर समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।

थाना बंडा के गांव कमालपुर निवासी वेदवती पत्नी स्व. नरवीर सिंह ने बताया कि उसने बेटी रेखा की शादी करीब पांच वर्ष पहले थाना निगोही के गांव खिरिया पश्चिमी निवासी शिवम उर्फ कल्लू के बेटे अनुज के साथ की थी। आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन के बाद से रेखा को उसके ससुर शिवम, सास , देवर दहेज को लेकर परेशान करते चले आ रहे थे। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने बेटी को रविवार को मारपीट कर फंदे पर लटका दिया। मामले की जानकारी मिलने पर वेदवती खिरिया पश्चिमी पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गांव पहुंचकर घटना के बारे में लोगों से जानकारी कर शव को फंदे से उतरवाया। 

मृतका का पति अनुज सिंह दिल्ली में रह कर काम करता है, घर पर पत्नी दो बच्चों के साथ रहती थी। अनुज रात में दिल्ली से लौटा था। घटना के बाद से उसे दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि रेखा ने खुद फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली है, लेकिन परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता रहे हैं। मृतका की मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार