ट्रिपल मर्डर से फतेहपुर में सनसनी: वर्चस्व की लड़ाई में पिता-पुत्र और भाई की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों में रोष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के हथगाम क्षेत्र में मंगलवार सुबह वर्चस्व को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) टिकैत के जिला उपाध्यक्ष और उनके भाई व बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। यह वारदात उस समय हुई जब मृतक एक ही मोटर साइकिल से खेत से अपने गांव वापस आ रहे थे। हमलावर ट्रैक्टर में सवार थे। 

विरोध के चलते अभी तक शवों को पुलिस घटनास्थल से उठा नहीं पा रही है। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने हत्यारों की गिरफ्तारी तक शवों को न उठने देने की घोषणा की है। घटनास्थल पर पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज जोन प्रेम गौतम भारी फोर्स के साथ मौजूद है। 

पुलिस महानिरीक्षक प्रेम गौतम ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम लवरी निवासी भाकियू के जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह उर्फ पप्पू सिंह (55) अपने छोटे भाई पिंकू सिंह (50) और पुत्र अभय सिंह (22) के साथ एक ही मोटर साइकिल से अपने खेत से गांव अखरी से वापस आ रहे थे कि तभी तहिरापुर के पास ट्रैक्टर सवारों ने उनका रास्ता रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग की जिससे घटनास्थल पर ही तीनों की मृत्यु हो गयी। मृतक की मां शिव दुलारी सिंह वर्तमान में प्रधान है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान इसी क्षेत्र के रहने वाले है। मृतक और हमलावर दोनों क्षत्रिय बिरादरी के हैं। प्रधानी के चुनाव व राजनैतिक समीकरणों के कारण दोनों के बीच काफी अर्सें से वर्चस्व की लड़ाई चली आ रही है पर यह खूनी संघर्ष पहली बार हुआ है। स्थानीय पुलिस के प्रति ग्रामीणों का काफी रोष है। 

यह भी पढ़ें:-Good News: UP में PRD जवानों का बढ़ा भत्ता, योगी कैबिनेट बैठक में इन 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर, अयोध्या में बनेगा डे केयर स्कूल

संबंधित समाचार