Kanpur: अमेरिका के अलावा 14 देशों के ऑर्डर भी होल्ड, टैरिफ वॉर से यूरोपियन देशों से भी शहर का निर्यात प्रभावित
कानपुर, अमृत विचार। ‘टैरिफ वॉर’ के बीच शहर का निर्यात कारोबार अमेरिका के अलावा अन्य 14 देशों से भी प्रभावित हो रहा है। अन्य देशों से बड़ी संख्या में यहां के कारोबारियों के ऑर्डर ‘होल्ड’ कर दिए गए हैं। निर्यात विशेषज्ञों का मानना है कि शहर का निर्यात कारोबार पहली तिमाही में लगभग 12 फीसदी तक प्रभावित होने की आशंका है।
अमेरिका के बाद कई और देशों ने टैरिफ का पूरा मूल्यांकन करने तक निर्यात ऑर्डर को ‘होल्ड’ कर दिया है। इनमें यूरोपियन देश भी शामिल हैं। खासतौर पर इटली, फ्रांस, जर्मनी, पुर्तगाल व पोलैंड जैसे देश के ऑर्डर प्रभावित हुए हैं। इन देशों के अलावा बात की जाए तो शहर के निर्यातकों को मलेशिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, पेरू व ओमान जैसे देशों से भी बेहतर संकेत नहीं मिल रहे हैं। उत्पादों की बात की जाए तो सबसे अधिक ऑर्डर मशीनरी, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग गुड्स और लेदर के लग्जरी आइटम ‘होल्ड’ हुए हैं। इनके अलावा मसाले सहित अन्य एग्रो प्रोडक्ट के ऑर्डर पर भी खतरा मंडरा रहा है। निर्यात विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति फिलहाल पूरे अप्रैल भर रह सकती है।
कुछ दिनों में स्थिति में सुधार होगा
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाईजेशन (फियो) के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि अन्य देशों पर लगाए गए पारस्परिक शुल्कों को देखते हुए हम निचले दायरे में हैं। वियतनाम, चीन, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार आदि जैसे अपने प्रमुख प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बहुत बेहतर स्थिति में हैं। कुछ दिनों में स्थिति में सुधार होगा। नए टैरिफ से पहले की तुलना में देश और शहर के निर्यात कारोबार में और अधिक सुधार होगा।
उत्पादन पर भी असर
निर्यात विशेषज्ञों का मानना है कि विभिन्न देशों के ऑर्डर ‘होल्ड’ पर जाने से शहर के उत्पादन पर भी प्रभाव पड़ा है। यह प्रभाव 10 से 12 फीसदी के आस-पास माना जा रहा है। इसके पीछे की वजह ऑर्डर ‘होल्ड’ होने से प्रोडक्शन चेन का टूटना है। विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि इस चेन को दोबारा पटरी पर आने के लिए दो महीने का समय लगा सकता है।
