बदायूं: साप्ताहिक बाजार में बच्चे का सिर मिलने से फैली दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उसहैत, अमृत विचार। उसहैत थाना की कटरा सहादतगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में एक बच्चे का सिर पड़ा मिला। साप्ताहिक बाजार में आए लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। बच्चे के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का मानना है कि बच्चे की मौत के बाद किसी ने दफन किया होगा। कुत्ते उसे बाहर निकाल लाए होंगे। वहीं लोगों का कहना है कि उन्होंने उस स्थान पर शव को दफन नहीं किया है। सिर किसका है, इसकी पहचान नहीं हो सकी है।

कटरा पुलिस चौकी के पास गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। कुछ ही दूरी पर गंगा है। गुरुवार शाम लगभग छह बजे बाजार आए लोगों ने छोटे बच्चे का कटा हुआ सिर देखा। पास में ही गड्ढा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से जानकारी की लेकिन बच्चे के बारे में पता नहीं चल सका। पुलिस का मानना है कि बच्चे की मौत पर किसी ने गंगा किनारे शव दफन किया होगा। जो कोई कुत्ता या अन्य जानवर निकालकर ले आया होगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से बच्चे को दफन करने के बारे में पूछा लेकिन लोगों ने हाल ही में शव दफन न करने की बात कही। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि बच्चे का सिर मिला था। कुछ ही दूरी पर गंगा हैं। किसी ने बच्चे की मौत पर शव दफन किया होगा। जानवर शव खींच लाया होगा। आगे की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार