राजकोट अग्निकांड का सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने गुजरात के राजकोट स्थित एक कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार और गुजरात सरकार से शुक्रवार को जवाब तलब किया। न्यायमूर्ति अशोक भूषण, न्यायमूर्ति आर सुभाष रेड्डी और न्यायमूर्ति एम आर शाह की खंडपीठ ने कोविड से संबंधित मामलों की सुनवाई करते …
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने गुजरात के राजकोट स्थित एक कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार और गुजरात सरकार से शुक्रवार को जवाब तलब किया। न्यायमूर्ति अशोक भूषण, न्यायमूर्ति आर सुभाष रेड्डी और न्यायमूर्ति एम आर शाह की खंडपीठ ने कोविड से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए राजकोट की घटना का स्वत: संज्ञान लिया। न्यायमूर्ति भूषण ने सुनवाई के दौरान कहा, “यह हतप्रभ करने वाली घटना है। यह कोई पहली घटना नहीं है। हम इस घटना का स्वत: संज्ञान ले रहे हैं।”
खंडपीठ ने कहा कि कोविड अस्पतालों में आग की घटना बार-बार हो रही है। इससे यह स्पष्ट है कि अस्पतालों में आग लगने की घटनाओं पर रोक लगाने और इनसे निपटने के लिए उचित उपाय नहीं किये जा सके हैं। न्यायालय ने इसके साथ ही केंद्र सरकार से अगले मंगलवार तक अस्पतालों में आग की घटनाओं पर काबू के लिए उठाये गये कदमों को रिकॉर्ड में लाने का निर्देश दिया। खंडपीठ ने गुजरात सरकार से भी रिपोर्ट तलब किया है।
कोविड अस्पताल में आग लगने की गंभीरता से जांच होनी चाहिए: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात के राजकोट में कोरोना वायरस के उपचार के लिए निर्धारित एक अस्पताल में आग लगने की घटना पर दुख जताते हुए शुक्रवार को कहा कि सरकार को ऐसी घटनाओं की गंभीरता से जांच करानी चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, ” राजकोट के कोविड अस्पताल में आग लगने की खबर परेशान करने वाली है। अगस्त महीने में इसी तरह अहमदाबाद में भी आग लगी थी। सरकार को इन मामलों की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।” कांग्रेस नेता ने कहा, ”अपनी जान गंवाने वाले मरीजों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है।”
उल्लेखनीय है कि राजकोट शहर में बृहस्पतिवार देर रात निर्दिष्ट कोविड-19 अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से पांच मरीजों की मौत हो गई। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित जिन 26 अन्य मरीजों का इलाज चल रहा था, उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। इन सभी को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
