कासगंज में गैंगरेप के बाद लोगों में गुस्सा, बोले- कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो

कासगंज में गैंगरेप के बाद लोगों में गुस्सा, बोले- कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो

कासगंज, अमृत विचार। कासगंज में बढ़ते अपराधों को लेकर लोगों में आक्रोश है। पूर्व में एक बालिका से दुष्कर्म, महिला अधिवक्ता की हत्या और हाल ही में एक युवती से गैंगरेप के बाद लोगों में डर का माहौल है।

आठ लोगों ने किया था गैंगरेप
दस अप्रैल को मंगेतर के साथ किसी काम से निकली युवती को आठ लोगों ने हवस का शिकार बनाया था। युवक को बंधक बनाकर युवती के साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन डर का माहौल लोगों में अभी भी बना हुआ है।

ये कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले छह साल की बालिका से दुष्कर्म किया गया था, उसके बाद महिला अधिवक्ता की हत्या पूरे देश में चर्चा का विषय बनी रही। गैंगरेप मामले में लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हजारा नहर झाल के पुल पर दिनदहाड़े किशोरी के साथ आठ लोगों ने गैंगरेप किया, यह घटना बहुत शर्मनाक है। बेटियाँ आज भी सुरक्षित नहीं हैं और जनपद कासगंज की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। हमारी मांग है कि आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए और दुष्कर्म पीड़िता को कम से कम 50 लाख का मुआवजा दिलाया जाए- सतेंद्र सिंह वैस टट।

लगातार दरिंदों की अराजकता बढ़ती जा रही है। बलात्कार और हत्या की घटनाओं में वृद्धि हुई है। जब तक दरिंदों को ऐसी कड़ी सजा नहीं मिलेगी, जो दूसरों के लिए सबक साबित हो, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना कठिन रहेगा- अब्दुल हफीज गांधी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सपा।

जिले में महिला सुरक्षा को लेकर तमाम दावे और वादे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर ये दावे धराशायी हैं। महिलाएँ और छात्राएँ घुटन भरी जिंदगी जी रही हैं। उनके मन में असुरक्षा का भाव बना हुआ है। महिला सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाए जाएँ, ताकि आरोपी घटना को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचे- शालिनी राजपूत, छात्रा।

भारत में महिलाओं की रक्षा के लिए कानूनों की कमी नहीं है। भारतीय संविधान में कई प्रावधान महिलाओं के लिए बनाए गए हैं। अगर इतने कानूनों का सचमुच पालन होता तो महिलाओं के साथ भेदभाव, अत्याचार, उत्पीड़न, हत्या, रेप जैसी वारदातें थम जातीं। शासन और प्रशासन को सख्ती लानी चाहिए- कुमारी राखी, अधिवक्ता।

यह भी पढ़ें-  Bareilly: खादी ग्रामोद्योग विभाग का इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई