फर्ग्युसन की घातक गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने विंडीज को पांच विकेट से रौंदा
ऑकलैंड। तेज गेंदबाज लौकी फर्ग्युसन (चार ओवर में 21 रन देकर पांच विकेट) की घातक गेंदबाजी और जेम्स नीशम (नाबाद 48) रन की सधी हुई पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को बारिश से बाधित पहले टी-20 मुकाबले में शुक्रवार को डकवर्थ लुईस नियम के तहत पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में …
ऑकलैंड। तेज गेंदबाज लौकी फर्ग्युसन (चार ओवर में 21 रन देकर पांच विकेट) की घातक गेंदबाजी और जेम्स नीशम (नाबाद 48) रन की सधी हुई पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को बारिश से बाधित पहले टी-20 मुकाबले में शुक्रवार को डकवर्थ लुईस नियम के तहत पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
मैच में बारिश के कारण शुरुआती ओवरों में ही बाधा पड़ी और दोनों टीमों के लिए ओवरों की संख्या 16-16 कर दी गयी। वेस्टइंडीज ने 16 ओवर में सात विकेट पर 180 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लेकिन डकवर्थ लुईस नियम के तहत न्यूजीलैंड को 176 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला और न्यूजीलैंड ने 15.2 ओवर में पांच विकेट पर 179 रन बनाकर मैच जीत लिया। फर्ग्युसन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विंडीज की शुरुआत अच्छी रही और दोनों सलामी बल्लेबाजी ने पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। हालांकि वेस्टइंडीज का मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया और उसके चार विकेट मात्र एक रन पर गिर गए। इसके बाद पोलार्ड ने एक छोर से टीम की बल्लेबाजी को संभाला को टीम को मजबूत लक्ष्य तक पहुंचाया। पोलार्ड ने 37 गेंदों में चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन की अर्धशतक पारी खेली और अपनी टीम को मजबूत स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। विंडीज की पारी में आंद्रे फ्लेचर ने 34, फेबियन एलन ने 30 और ब्रेंडन किंग ने 13 रनों का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड की ओर से फर्ग्युसन के पांच विकेट के अलावा टिम साउथी ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की तरफ से नीशम ने 24 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्के की मदद से सर्वाधिक नाबाद 48 रन और कॉनवे ने 29 गेंदों में पांच चौकों तथा एक छक्के के सहारे 41 रन बनाए जबकि मिशेल सेंटनर 18 गेंदों में तीन छक्के की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रहे।
न्यूजीलैंड की पारी में ग्लेन फिलिप्स ने 22, विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सेफर्ट ने 17 और मार्टिन गुप्तिल ने पांच रन बनाए। विंडीज की ओर से ओशाने थॉमस ने तीन ओवर में 23 रन देकर दो विकेट, शेल्डन कॉट्रेल ने चार ओवर में 30 रन देकर एक विकेट और पोलार्ड ने 1.3 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया।
