लखीमपुर खीरी: मानसिक विक्षिप्त ने फैलाई दहशत...तीन लोगों को पीटकर किया घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांकेगंज, अमृत विचार। कस्बे में बुधवार की तड़के मनोरोगी ने जमकर उत्पात मचाया। उसने ईंट-रोड़े और डंडे से राहगीरों पर हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। इसमें से दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत है। हमलावर का चेहरा कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस आरोपी की पहचान तक नहीं कर सकी है।

आरोपी विक्षिप्त ने पहले मास्टर कंप्यूटर के सामने पड़ी बेंच के पाए को तोड़ा। उसी समय बांकेगंज निवासी मथुरा प्रसाद सुबह लगभग पांच बजे अपने घर के पास टहलने निकले थे। युवक ने उन पर अचानक पाए से हमला कर दिया। मथुरा प्रसाद की चीख पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग घरों से निकल कर बाहर आए तब तक वह उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया था। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्हें मारने पीटने के बाद विक्षिप्त गोला की ओर आगे बढ़ा। उसी समय अंबेडकर नगर निवासी पंकज शुक्ला स्टेशन जा रहे थे। वह भी हमलावर की चपेट में आ गए। आरोपी ने पंकज शुक्ला पर भी पाए से जोरदार वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

उसके बाद गोला मार्ग पर वह पुनः आगे बढ़ चला। ट्रेन पकड़ने के लिए ही झाऊपुर से बांकेगंज स्टेशन जा रहे मोबिन सलमानी उसके हत्थे चढ़ गया। आरोपी ने उसी पाए से मोबीन पर हमला कर दिया। जिससे वह भी घायल हो गए। घायल अवस्था में राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही मिनटों में हुए इस हमले की पूरे क्षेत्र में चर्चा होने लगी। लोगों में दहशत का माहौल बन गया। विद्यालय का दिन होने के कारण जो बच्चे विद्यालय के लिए निकल लिए थे उनके अभिभावक भी परेशान होकर विद्यालयों में फोन करके अपने बच्चे के वहां सकुशल पहुंचने की जानकारी लेने लगे। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। चौकी प्रभारी का नंबर स्विच ऑफ था, ग्रामीणों ने श्याम सिंह दीवान से संपर्क किया तो उन्होंने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हमलावर की तस्वीर कैमरे में कैद हो चुकी है और उसकी तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

संबंधित समाचार