हर मुश्किल पार कर टिकरी बार्डर से किसान हुए दिल्ली में दाखिल
नई दिल्ली। पानी की बौछारें और सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प के बाद हजारों किसान शुक्रवार को दिल्ली पुलिस से राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी ग्राउंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मिलने के उपरांत टिकरी बार्डर से शहर में दखिल हुए। करीब तीन बजे इन किसानों ने टिकरी बार्डर से शहर में प्रवेश करना शुरू किया। …
नई दिल्ली। पानी की बौछारें और सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प के बाद हजारों किसान शुक्रवार को दिल्ली पुलिस से राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी ग्राउंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मिलने के उपरांत टिकरी बार्डर से शहर में दखिल हुए। करीब तीन बजे इन किसानों ने टिकरी बार्डर से शहर में प्रवेश करना शुरू किया। इस बीच पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
ये केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ ‘दिल्ली चलो’ मार्च के तहत पहुंचे हैं। पुलिस ने शुक्रवार को किसानों को उत्तरी दिल्ली के निरंकारी ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अनुमति दी। यह दिल्ली के सबसे बड़े मैदानों में एक है। लेकिन सिंघू बार्डर पर इकट्ठा हुए किसान अब तक शहर में दाखिल नहीं हुए हैं।
इससे पहले दिन में दिल्ली पुलिस ने सिंघू बार्डर पर किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसूगैस का इस्तेमाल किया क्योंकि ये लोग केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ अपने मार्च के तहत राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। किसानों ने दिल्ली में दाखिल होने के प्रयास में पुलिस पर पथराव भी किया और बैरीकेड तोड़े।
किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए शहर की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सिंघू बार्डर पर धुंआ ही धुंआ नजर आ रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने किसानों को तितर-बितर करने के लिए कई बार आंसू गैस के गोले दागे। टिकरी बार्डर पर किसानों की पुलिस के साथ झड़प हुई। इस प्रदर्शन के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात बाधित रहा।
दिल्ली यातायात पुलिस ने कई ट्वीट किये एवं लोगों से पंजाब के किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन के चलते बाहरी रिंगरोड, मुकरबा चौक, जीटीके रोड, एनएच 44, सिंघू बार्डर से परहेज करने का परामर्श दिया।
दिल्ली जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मारी, एक किसान की मौत
‘दिल्ली चलो’ आह्वान के तहत राष्ट्रीय राजधानी जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को शुक्रवार को हरियाणा के भिवानी जिले में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें एक किसान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना शुक्रवार तड़के भिवानी के मुंडहाल में हुई जब ट्रक ने एक पुलिस अवरोधक के पास ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि ट्रैक्टर को टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस दुर्घटना में पंजाब के मनसा के निवासी किसान तन्ना सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस घायलों को इलाज के लिये तत्काल भिवानी सिविल अस्पताल ले गई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक की आयु लगभग 40 वर्ष बताई गई है।
