पाकिस्तानी जेल में जौनपुर के शख्स की मौत, अपने 7 साथियों के साथ 4 साल से बंद था घुरहू बिंद, जानिए क्या बोले डीएम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। पाकिस्तान की जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए यूपी के जौनपुर  जिले के रहने वाले मछुआरे घुरहू बिंद (48) का शव शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बसिरहा आने की संभावना है। घुरहू बिंद पिछले 4 साल से अपने 7 साथियों के साथ पाकिस्तान जेल में बंद था। परिवार को इसकी सूचना मंगलवार को दी गई।

जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, बिंद को पाकिस्तान तटरक्षक बल द्वारा 2020 में गिरफ्तार किया गया था। बिंद गुजरात में ओखा तट के पास मछली पकड़ने के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तानी समुद्री सीमा में चले गये थे। बिंद के गांव के तीन अन्य मछुआरों के साथ उन्हें जेल भेज दिया गया था। 

दिनेश चंद्र ने बताया कि शव वाघा सीमा पर प्राप्त कर लिया गया है और उसे जौनपुर लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक का परिवार अत्यंत गरीब है। सरकार की तरफ से उनके परिवार को मुख्यमंत्री आवास, विधवा पेंशन और अन्य सभी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विभागीय अधिकारियों से सर्वेक्षण करा लिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मछलीशहर के उपजिलाधिकारी को शव आने पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने को कहा गया है। ग्राम प्रधान मृत्युंजय बिंद ने बताया कि घुरहू बिंद के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। बिंद की चार बेटियां औऱ दो बेटे हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी मजदूरी करके गुजर बसर कर रही हैं। 

अंतिम संस्कार की तैयारी करने का निर्देश

जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने गुरुवार को इस घटना को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि मृतक मछुआरे घुरहू बिंद के शव को वाघा बॉर्डर पर हासिल कर लिया गया है और उसे जौनपुर लाया जा रहा है। वहीं, मछलीशहर के एसडीएम को अंतिम संस्कार की तैयारी करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें:-नेशनल हेराल्ड केस: कांग्रेस पर अनुराग ठाकुर का पलटवार, कहा- गांधी परिवार की नजर 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर

संबंधित समाचार