Lucknow News : देवर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, एसिड अटैक की धमकी : विरोध पर पीड़िता और पति को पीटा

Attempt to rape sister-in-law: मड़ियांव कोतवाली अंतर्गत एक शख्स ने अपनी भाभी से दुष्कर्म का प्रयास किया। इस घिनौनी हरकत में नाकाम होने पर आरोपित पीड़िता पर तेजाब फेंकने की धमकी देने लगा। इस दौरान पीड़ित के पति ने विरोध किया तब आरोपित ने दम्पति की पिटाई कर दी। जिसके बाद पीड़िता ने स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी, बावजूद इसके पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट में अर्जी दायर की। हालांकि, कोर्ट के आदेश पर मड़ियांव पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र के मुताबिक, क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने परिवाारिक सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 15 जून 2024 को सुबह करीब 11 बजे वह घर पर अकेली थीं। इस बात का फायदा उठाकर आरोपी देवर ने उसके साथ कपड़े फाड़ते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर देवरानी ने उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह से पीटा। बदनामी के चलते पीड़िता ने घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की। यह देख आरोपी की हिम्मत बढ़ गयी और उसने दोबारा हरकत की।
आखिरकार पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई के बजाए उन्हें टरका दिया गया। पीड़िता ने बताया कि 3 जुलाई की सुबह देवर ने उन्हें बाथरूम से खींच कर बाहर निकाला। आरोपी, ससुर व साले ने एक बार फिर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर देवरानी ने अपने पिता और भाई से उन्हें तेजाब से जलाने की बात कही। पड़ोसियों के आने पर पीड़िता खुद को बचा पाई। शाम को पति के घर लौटने पर पीड़िता ने आपबीती बतायी। पति के विरोध पर आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। जिसके बाद पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
शादी से लौटी महिला से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म
रहीमाबाद में वैवाहिक समारोह से लौटी महिला से घर में पड़ोसी ने घुसकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता ने रविवार को रहीमाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि उसके परिवार में शनिवार को शादी समारोह था। वहां से वह अपने बच्चों के लिये नाश्ता लेकर रात करीब 9 बजे अपने घर आ रही थी। घर के अंदर जाते ही पड़ोसी दिनेश धक्का मारकर अंदर आ गया। विरोध करते हुए महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो दिनेश ने मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। हैवानियत के बाद आरोपी मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
घरवालों के आने के बाद पीड़िता ने आपबीती परिजन को बतायी। उसके बाद पीड़िता रविवार को रहीमाबाद थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर रहीमाबाद आनंद द्विवेदी ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
घर में घुसकर महिला से की छेड़छाड़
बिजनौर थाने में महिला ने गांव के रहने वाले प्रमोद के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पीड़िता ने बताया कि 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर के अंदर लेटी हुई थी। उस दौरान पति छत और ससुर घर के बाहर लेटा था। तभी प्रमोद ने कमरे में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए भागने लगा। इस दौरान पीड़िता के ससुर व अन्य लोगों ने उसे पहचान लिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।