संभल: 71 अवैध अस्पतालों पर FIR...डीएम बोले यहां लोग न कराएं इलाज

संभल, अमृत विचार। जनपद संभल में पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध अस्पतालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिसके तहत 106 अवैध अस्पतालों का सर्वे करते हुए 71 जगहों पर छापेमारी की गई। जहां छापा मारा गया उन सभी 71 अस्पतालों के संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया व पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई ने लोगों से अवैध अस्पतालों में उपचार नहीं कराने की अपील की है।
अवैध अस्पतालों एवं पैथालॉजी लैब का कारोबार जनपद संभल में खूब पनप रहा है। आलम यह है कि शहर, कस्बा से लेकर देहात तक ऐसे अवैध अस्पताल और लैब संचालित करके न सिर्फ मोटी रकम वसूली जा रही है बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। इसी को लेकर पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अब संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया व पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद संभल 106 क्वेक्स अवैध अस्पतालों का सर्वे किया गया। जिसके बाद शनिवार को पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने 71 जगहों पर छापेमारी की।
इस मामले में सभी 71 अस्पतालों के संचालकों पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। डीएम व एसपी ने आम जनता से अपील की कि इस तरह के अवैध अस्पतालों में उपचार न कराए। पिछले काफी समय से महिलाओं ने प्रसव अवैध अस्पतालों में कराए हैं। जिसकी वजह से या तो प्रसव पीड़ा में महिला की मौत हो जाती है या फिर नवजात की भी मौत होने के मामले प्रकाश में आए हैं।
इसी को लेकर अवैध अस्पतालों पर छापेमारी की गई है। जो अवैध गतिविधियां हैं उन्हें बंद कराने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी रखी जाएगी। बहरहाल, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त छापेमारी और कार्रवाई को लेकर झोलाछाप डॉक्टरों में खलबली का माहौल बना हुआ है। शहर कस्बा से लेकर देहात तक कई झोलाछाप डॉक्टर अवैध अस्पतालों को बंद कर हालात पर नजर रख रहे हैं।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि जनपद संभल में अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई के लिए चलाये जा रहे अभियान में शनिवार को 71 अवैध अस्पतालों पर छापेमारी कर कार्रवाई की गई है। यह अभियान और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग में पंजीकरण कराने के बाद डिग्री वाले योग्य डाक्टर की मौजूदगी में ही अस्पताल का संचालन किया जाये। अवैध अस्पताल का संचालन कर आम जनता के स्वास्थ्य और जिंदगी से खिलवाड नहीं करने दिया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के मुताबिक जनपद में संचालित अवैध अस्पतालों पर प्रशासन,स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की है। अब तक 71 अवैध अस्पताल संचालकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इन अवैध अस्पतालों में इलाज कराने से कई लोग जान गवां चुके हैं। सख्त कार्रवाई से अवैध अस्पतालों का संचालन बंद कराने का संयुक्त प्रयास जारी रहेगा।