Kanpur: बच्चों की पहली पसंद बना कंप्यूटर ट्रेड, स्कूलों में कराए सर्वे में आया नतीजा, आठ स्कूलों में प्रशिक्षण की शुरू हुई तैयारी
कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के सर्वे में शहर के बच्चों ने पहली पसंद कंप्यूटर ट्रेड को बताया है। यह सर्वे शहर के 14 स्कूलों में हुआ था। इस सर्वे में 800 बच्चों को शामिल किया गया था। कक्षा 9 व 11 के बच्चों के बीच हुए सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर अब 8 स्कूलों में बच्चों की पसंद का ट्रेड शुरू करने की तैयारी चल रही है।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से स्कूलों में किए गए सर्वे में 510 बच्चों ने कंप्यूटर से जुड़े ट्रेड का प्रशिक्षण अपनी पसंद बताई है। इसके अलावा 230 बच्चों ने अपेरल और ब्यूटी एण्ड वेलनेस को अपनी पहली पसंद बताया है। ब्यूटी और वेलनेस को पसंद बताने वाली ज्यादातर छात्राएं हैं। कौशल विकास मिशन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इस सर्वे के अनुसार अब स्कूलों में बच्चों के पसंद का ट्रेड शुरू किया जा सकेगा।
सर्वे रिपोर्ट को आधार बनाते हुए शहर के 8 स्कूलों में इन ट्रेड की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के सर्वे के आधार पर ही स्कूलों में ट्रेड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में कक्षा 9 व 11 में पढ़ने वाले बच्चों को शामिल किया जाएगा। यह प्रशिक्षण उन्हें स्कूल समय पर ही दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए बच्चों को अतिरिक्त समय स्कूल में देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन स्कूलों में सर्वे
जीआईसी हाई स्कूल खेरसा, राजकीय हाई स्कूल भौती, जीआईसी चुन्नीगंज, जीजीआइ्रसी सिंहपुर, कानपुर महिला इंटर कॉलेज स्वरूप नगर, राजकीय हाईस्कूल बीबपुर बिल्हौर, राजकीय हाईस्कूल जहांगीराबाद, राजकीय हाईस्कूल रायगोपालपुर।
