बदायूं: दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग, रास्ते से गुजर रहे दूधिया की गोली लगने से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दो नर्सिंग संचालकों में विवाद के बाद एक ने दूसरे पक्ष पर बुधवार सुबह फायरिंग की। सड़क से गुजर रहे दूधिया के सिर में गोली लगी। दूधिया की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने एसपी देहात डॉ. केके सरोज के साथ मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव का अल्ट्रासाउंड कराकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। 

कोतवाली सहसवान क्षेत्र के कस्बा निवासी प्रमोद यादव और अवधेश यादव ने अकबराबाद-हरदत्तपुर मार्ग पर सेवा नर्सिंग होम खोला था। कुछ दिनों के बाद ही दोनों में किसी बात का लेकर अनबन हो गई थी। दोनों ने अपने अलग नर्सिंग खोल लिए थे। जिसके बाद से दोनों एक-दूसरे से रंजिश मानने लगे थे। वह दोनों अक्सर ही आमने-सामने आ जाते थे। बुधवार सुबह लगभग पौने 10 बजे दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। दोनों पक्ष में काफी देर तक गाली-गलौज हुई। कस्बा के लोगों के अनुसार अवधेश यादव पक्ष असलाह लेकर आ गया और प्रमोद यादव के ऊपर गोली चला दी। वहीं सहसवान क्षेत्र के गांव कुकरैया निवासी वीरेश यादव गांवों में दूध देकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। गोली वीरेश यादव के सिर में जा लगी। वह जमीन पर गिरे और छटपटाने लगे। 

आरोपी मौके से भाग गए। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। वीरेश यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने उनकी मौत की पुष्टि की। सहसवान के अलावा मुजरिया और जरीफनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों से बात की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सिर में गोली लगने की वजह से जिला अस्पताल में शव का अल्ट्रासाउंड कराने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी फरार चल रहे हैं।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रमोद यादव के मकान में नर्सिंग होम चलता है। 200 मीटर दूर अवधेश भी नर्सिंग होम चलाते हैं। उन दोनों में टशन थी। अवधेश और उनके परिजनों ने प्रमोद पर गोली चलाई गई। गोली दूधिया को लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही दूधिया की मौत हो गई।

संबंधित समाचार