बरेली: प्री-पेड पार्किंग बनाने पर भड़के व्यापारी, दुकानें बंद कर दिया धरना
बरेली, अमृत विचार। दुकानों के सामने प्रीपेड वाहन पार्किंग बनाने के विरोध में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। दुकानदारों का आरोप हैं कि इससे उनकी दुकानदारी चौपट हो जाएगी क्योंकि दुकानों के सामने हर समय वाहन खड़े रहेंगे और ग्राहकों को वाहन खड़े करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसे लेकर उत्तर प्रदेश …
बरेली, अमृत विचार। दुकानों के सामने प्रीपेड वाहन पार्किंग बनाने के विरोध में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। दुकानदारों का आरोप हैं कि इससे उनकी दुकानदारी चौपट हो जाएगी क्योंकि दुकानों के सामने हर समय वाहन खड़े रहेंगे और ग्राहकों को वाहन खड़े करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
इसे लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले एलन क्लब के पास की दुकानें बंद कर धरना दिया और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पार्किंग का ठेका निरस्त करने की मांग की है।
एलन क्लब मार्केट के सामने नगर निगम ने प्रीपेड पार्किंग की शुरुआत की है। इसे लेकर शनिवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरने देते हुए नारेबाजी की। आरोप है कि चंद रुपये के लालच में नगर निगम ने पार्किंग बनाकर ठेका दे दिया है। इससे दुकानदारी चौपट हो रही है।
दुकानदारों की मांग है कि पार्किंग के लिए छोड़ी गई जगह का उपयोग मुफ्त पार्किंग के लिए किया जाना चहिए। व्यापारियों के धरना-प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई ताकि विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
संगठन के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने विरोध करते हुए कहा कि नगर निगम ने जब दुकानें बेचीं थीं तब इस बात के अतिरिक्त पैसे लिए थे कि यहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था है। अब उसी पार्किंग को नीलाम करके निगम पैसे कमाना चाहता है। इससे स्थानीय व्यापारियों का कारोबार चौपट हो जाएगा क्योंकि कोई भी ग्राहक 50, 30 और 10 रुपये देकर छोटा सामान खरीदने नहीं आएगा।
महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने कहा कि निगम नई पार्किंग बना नहीं पा रहा है और जो पहले से बनी हुई हैं उन्हीं को खानापूर्ति करके पेड पार्किंग में परिवर्तित कर रहा है। इससे व्यापारियों और जन समान्य का शोषण होगा। नगर आयुक्त ने कोई ठोस आश्वासन पार्किंग को मुफ्त करने के संबंध में नहीं दिया। इसके कारण एलन क्लब मार्केट के व्यापारियों ने व्यापार बंद करने का निर्णय ले लिया। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान दर्शन लाल भाटिया, संजीव चांदना आदि मौजूद रहे।
