कासगंज: हाईस्कूल का 92.62, इंटरमीडिएट में 81.57 फीसद रहा बोर्ड परीक्षा का परिणाम

Amrit Vichar Network
Published By Preeti Kohli
On

कासगंज, अमृत विचार: परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए शुक्रवार का दिन अहम रहा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद का परीक्षा परिणाम जारी हो गया। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल कक्षा का परिणाम जारी होते ही छात्र-छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हाईस्कूल का 92.62  एवं इंटरमीडिएट का 81.57 फीसद परीक्षा परिणाम रहा है।

सुबह से ही स्कूल संचालक और विद्यार्थी परीक्षा का परिणाम जानने को आतुर थे। जैसे ही परीक्षा का परिणाम आया तो परीक्षार्थी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परीक्षा परिणाम जानने के लिए कोई मोबाइल तो लैपटॉप का सहारा लिए हुए था तो कोई जनसेवा केंद्र पर परीक्षा का परिणाम जानने पहुंचा। विद्यालय संचालक भी एक दूसरे विद्यायल का परिणाम जानने को आतुर दिखाई दिए।

विद्यार्थी अपने अतिरिक्त साथियों का भी परीक्षाफल जान रहे थे और आपसे में तुलना करते रहे कि किसके अंक अधिक रहे। विद्यालय संचालक यह जानने के लिए जुटे रहे कि उनके विद्यालय का परीक्षा परिणाम कितना रहा और प्रतिस्पर्धी विद्यालयों से परीक्षा परिणाम कितने आगे या कितने पीछे रहा। 

डीआइओएस कार्यालय में हर पल की सूचना का अपडेट
डीआइओएस कार्यालय में हर पल सूचना अपडेट करने में डीआइओएस पीके मौर्य जुटे रहे। पूरे जिले में किस विद्यालय का कौन टॉपर रहा इसकी जानकारी विभागीय अधिकारी करते रहे। शासन से अधिकृत ई-मेल आने के बाद अधिकारियों ने यह जानकारी भी साझा की।  

इंटरमीडिएट के परिणाम पर एक नजर 
पंजीकृत    परीक्षा में शामिल        उत्तीर्ण                  प्रतिशत
19104    18876                         15398                  81.57                  

हाईस्कूल के परिणाम पर एक नजर 
पंजीकृत       परीक्षा में शामिल           उत्तीर्ण               प्रतिशत                      
20792        19092                        17663               92.62

हाईस्कूल में बढ़ा तो इंटरमीडिएट में घटा परीक्षा परिणाम
पिछली साल की अपेक्षा इस साल हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 4.22 फीसद बढ़ गया। पिछले वर्ष 88.40 फीसदी परीक्षा परिणाम था जो इस बार 92.62 फीसद रहा है। इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में 5.05 फीसद की गिरावट हुई। पिछले साल इंटरमीडिएट का परीक्षाफल 88.40 फीसदी था, जबकि इस वर्ष परीक्षा परिणाम 81.57 फीसदी ही रह गया।

हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित हो चुका है। हाईस्कूल का 92.62 फीसद और इंटरमीडिएट का परिणाम 81.57 फीसद रहा है- पीके मौर्य, डीआईओएस

ये भी पढ़ें- कासगंज: प्रभुपार्क का होगा जीर्णोद्धार, ओपन जिम के लिए मंडलायुक्त ने दिए निर्देश

संबंधित समाचार