भारत में छुपे पाकिस्तानियों को ढूंढ कर निकालेगी सरकार : डॉ दिनेश शर्मा
अयोध्या, अमृत विचार। शुक्ला मंदिर के गर्भगृह श्री सीताराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा शुक्रवार को विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन के साथ संपन्न किया गया। इस दौरान मंदिर के गर्भगृह पर झांकी का भी आयोजन हुआ। जिसमें प्रमुख साधु संतों के साथ पूर्व डिप्टी सीएम व राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की महिमा पूरे विश्व में फैली हुई है। जिसे देखने के लिए विदेश से भी लोग पहुंच रहे हैं।
वहीं पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत में रहने वाले एक-एक पाकिस्तानियों को ढूंढ ढूंढ कर बिल से निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या एक पावन नगरी है, जहां काशी का दर्शन करके मोक्ष मिलता है। वहीं रामलाल के दर्शन करने से जीवन जीने की राह मिलती है। मर्यादा, संबंध, पिता-माता के प्रति, देश के प्रति कर्तव्य का बोध होता है।
शर्मा ने कहा कि आज पहलगाम में जो घटना घटी है दुःखद है। अब निश्चित रूप से देश उन अपराधियों को दंडित करने के कार्य में आगे बढ़ चुका है, और भारत ही आतंकवाद को समाप्त करने वाले देशों में नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे आएगा। आज पाकिस्तान से ब्रिटेन, अमेरिका और सऊदी अरब के देश भी परेशान हैं। यह आतंक की फैक्ट्री पैदा करता है। कहा कि पाकिस्तान आटा दे नहीं पाता है लेकिन कारतूस और बम बनाने का कार्य वहां के लोगों को सिखाया जाता है। और जिस प्रकार से साम-दाम-दंड-भेद की नीति चली है, निश्चित रूप से ऐसा दंड मिलेगा जिससे उनकी कई पुश्त याद रखेगी कि भारत की घुसपैठ का अर्थ क्या होता है।
वहीं अखिलेश यादव सहित विपक्ष के लोगों के द्वारा दिए गए बयान पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि किसी के बयान पर टिप्पणियों की जरूरत नहीं होती है और इस तरह से मोदी जी के कार्यों को चुनौती देने के बजाय लोगों को अपने कार्यों की समीक्षा करनी चाहिए। मोदी जी ने सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दिया है और आज भारत दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था के रूप में बना है।
