बरेली: 1 जनवरी से 25 नवंबर तक स्वीकृत शस्त्र लाइसेंसों की सूची तलब
बरेली,अमृत विचार। शासन ने 1 जनवरी से 22 मार्च तक और उसके बाद कोरोना काल शुरू होने से 25 नवंबर तक बरेली मंडल के जनपदों में स्वीकृत किये गये शस्त्र लाइसेंसों की सूची तलब की है। नवीन के साथ विरासत के शस्त्र लाइसेंस की भी जानकारी मांगी है। कोरोना काल में सब कुछ बंद होने …
बरेली,अमृत विचार। शासन ने 1 जनवरी से 22 मार्च तक और उसके बाद कोरोना काल शुरू होने से 25 नवंबर तक बरेली मंडल के जनपदों में स्वीकृत किये गये शस्त्र लाइसेंसों की सूची तलब की है। नवीन के साथ विरासत के शस्त्र लाइसेंस की भी जानकारी मांगी है। कोरोना काल में सब कुछ बंद होने के दौरान शस्त्र लाइसेंस स्वीकृत करने को लेकर शासन स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मांगे जाने के बाद अधिकारियों में खलबली मची है।
बरेली जिला प्रशासन ने नवीन और विरासत के स्वीकृत शस्त्र लाइसेंस की सूचना शासन को भेज दी है। साथ ही शासन ने विभिन्न कारणों से निरस्त किये गये शस्त्र लाइसेंस, अब तक नवीन और विरासत के शस्त्र लाइसेंसों की संख्या भी भेजने के निर्देश दिये हैं। शासन ने 31 दिसंबर, 2019 तक स्वीकृत कुल शस्त्रों की जो जानकारी मांगी है इससे अधिकारी भी चकरा गये हैं। अधिकारी यह कयास लगा रहे हैं कि आखिरकार शासन ने पिछले साल की जानकारी अब क्यों मांगी है।
बरेली में हैं 48 हजार शस्त्र लाइसेंस
बरेली जनपद में 48 हजार शस्त्र लाइसेंस हैं। इनमें से सर्वाधिक शस्त्र फरीदपुर तहसील क्षेत्र में हैं। यहां 25 हजार शस्त्र लाइसेंस मौजूद हैं जबकि जनपद की पांच तहसीलों के मिलाकर महज 23 हजार शस्त्र लाइसेंस हैं। बताते हैं कि फरीदपुर में कई एरिया बीहड़ और कटरी से लगे हैं। किसी वक्त यहां डाकुओं का भी आतंक रहता था। वर्ष 2010 से पहले फरीदपुर क्षेत्र में ज्यादा लाइसेंस बने हैं। कलेक्ट्रेट के शस्त्र अनुभाग के कर्मचारी बताते हैं कि आज भी लाइसेंस बनवाने के लिये सर्वाधिक आवेदन फरीदपुर क्षेत्र से ही आते हैं।
जनवरी से अब तक 14 नए शस्त्र लाइसेंस बने
कलेक्ट्रेट के सूत्र बताते हैं कि डीएम नितीश कुमार से पहले मुरादाबाद मंडलायुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह जिले की कमान संभाले थे। उनके दो साल के कार्यकाल में महज चार शस्त्र लाइसेंस बनने की बात आज भी कही जाती है। उनके तबादले के बाद डीएम नितीश कुमार आ गये। कई माह तक एक भी लाइसेंस नहीं बना। सूत्रों ने जनवरी से लेकर अब तक 14 नये शस्त्र लाइसेंस बनने की बात बतायी है।
