ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर जमाया कब्जा, दूसरे मैच में भारत को 51 रनों से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिडनी। तीन मैचों की वन डे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में भारत को 51 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया को इस जीत से 10 अंक हासिल हुए और वह आईसीसी वर्ल्ड कप सुपर लीग में पांच मैचों में 40 अंकों के …

सिडनी। तीन मैचों की वन डे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में भारत को 51 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया को इस जीत से 10 अंक हासिल हुए और वह आईसीसी वर्ल्ड कप सुपर लीग में पांच मैचों में 40 अंकों के साथ इंगलैंड को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इंग्लैंड के खाते में छह मैचों से 30 अंक हैं। भारत का अभी खाता नहीं खुला है।

ऑस्ट्रेलिया ने स्टीवन स्मिथ (104) के लगातार दूसरे मुकाबले में तूफानी शतक और सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (83) आरोन फिंच (60), मार्नस लाबुशेन (70) तथा ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 63) के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवरों में चार विकेट पर 389 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह स्कोर ऑस्ट्रेलिया का भारत के खिलाफ वन डे सर्वाधिक स्कोर है। विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 50 ओवरों में नौ विकेट पर 338 रन ही बना सकी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे ऑस्ट्रेलिया को वार्नर और फिंच ने लगातार दूसरी शतकीय साझेदारी दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 142 रन जोड़े। स्मिथ और लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की। लाबुशेन और मैक्सवेल ने चौथे विकेट के लिए 80 रन जोड़े और ऑस्ट्रेलिया को 389 के रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचा दिया।

लगातार दूसरे मैच में शतक से प्लेयर ऑफ द मैच बने स्मिथ ने भारत के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का सिलसिला इस मैच में भी बरकरार रखा और मात्र 64 गेंदों में 14 चौकों तथा दो छक्कों की मदद से 104 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 62 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। स्मिथ का यह 11वां वनडे शतक था। स्मिथ ने पहले वनडे में 105 रन बनाये थे।

ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम के पांच बल्लेबाजों ने फिफ्टी प्लस का स्कोर बनाया है और वनडे में एक मैच में टॉप आर्डर के पांच बल्लेबाजों के फिफ्टी प्लस बनाने का यह तीसरा मौका है। ऑस्ट्रेलिया ने इनमें दो बार यह कारनामा भारत के खिलाफ ही किया है। इस मुकाबले में फिंच और वार्नर के साथ लाबुशेन और मैक्सवेल ने भी अर्धशतक बना डाले।

वार्नर ने 77 गेंदों पर 83 रन में सात चौके और तीन छक्के लगाए जबकि फिंच ने 69 गेंदों पर 60 रन में छह चौके और एक छक्का लगाया। मार्नस लाबुशेन ने भी रनों की बहती गंगा में हाथ धोते हुए 61 गेंदों पर 70 रन में पांच चौके लगाए। आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रखते हुए मात्र 29 गेंदों पर नाबाद 63 रन में चार चौके और चार छक्के उड़ाए।

भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दूसरे मैच में खराब प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह फिर महंगे साबित हुए और 10 ओवर में 79 रन देकर लाबुशेन का विकेट ले पाए। मोहम्मद शमी ने नौ ओवर में 73 रन लुटाकर फिंच का विकेट लिया। नवदीप सैनी ने सात ओवर में 70 रन लुटाये। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने नौ ओवर में 71 रन खाये। लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा को 10 ओवर में 60 रन पड़े। हार्दिक पांड्या ही भारतीय गेंदबाजों में बेहतर साबित हुए और उन्होंने चार ओवरों में 24 रन देकर स्मिथ का विकेट लिया। मयंक अग्रवाल ने भी एक ओवर डाला और 10 रन दिए।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के ओपनर मयंक और शिखर ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। विराट और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की। विराट ने राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। राहुल और पांड्या ने पांचवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े। विराट का कीमती विकेट जोश हेजलवुड ने लिया जबकि राहुल को लेग स्पिनर एडम जम्पा ने हेजलवुड के हाथों कैच कराया। पैट कमिंस ने तीन खिलाड़ियों मयंक, पांड्या और जडेजा को आउट किया। कमिंस ने 67 रन पर तीन विकेट, हेजलवुड ने 59 रन पर दो विकेट और जम्पा ने 62 रन पर दो विकेट लिए।

अपना 250वां वनडे खेल रहे कप्तान विराट कोहली ने 87 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 89 रन बनाये और अपने 44वें शतक से 11 रन दूर रह गए। हालांकि अपनी इस पारी से भारतीय कप्तान ने तीनों फॉर्मेट में 22 हजार रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर ली। विराट यह कारनामा करने वाले दुनिया के आठवें खिलाड़ी बन गए हैं। लोकेश राहुल ने 66 गेंदों पर 76 रन में चार चौके और पांच छक्के उड़ाए।

मयंक अग्रवाल और शिखर ने अच्छी शुरुआत के बाद अपने विकेट गंवाए। मयंक ने 26 गेंदों में चार चौकों की मदद से 28 रन, शिखर ने 23 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 30 रन, श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में पांच चौकों के सहारे 38 रन, हार्दिक पांड्या ने 31 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन तथा रवींद्र जडेजा ने 11 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाये।

वार्नर को चोट लगी, ले जाया गया अस्पताल
वार्नर को भारतीय पारी के चौथे ओवर में डाइव करने के बाद उठने में परेशानी हुई जिसके बाद वह सिडनी क्रिकेट मैदान से बाहर चले गये। इस खिलाड़ी को स्कैन कराने के लिये करीब के अस्पताल में ले जाया गया। वार्नर गेंद को रोकने के लिये कूदे और गिरने के बाद वह जिस तरह से दर्द से कराह रहे थे। टीम के साथी पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल और फिजियो डेविड बीकले ने वार्नर को आस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में पहुंचने के लिये कुछ कदम चलने में मदद की जिसके बाद वह सीधे अस्पताल चले गये।

संबंधित समाचार