Kanpur: इसी माह होगा भाजपा की कार्यसमिति का गठन, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बैठक कर दिये जरूरी निर्देश
8 मई से 12 मई के बीच मंडल स्तर पर बैठकें कर नामों पर मंथन

कानपुर, अमृत विचार। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मंगलवार को क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक की। उन्होंने बताया कि मई माह में मंडल कार्यसमिति का गठन होना प्रस्तावित है। इसके लिए क्षेत्र के सभी 17 जिलों में एक-एक जिला प्रवासी की नियुक्ति की गई है। जिला प्रवासियों द्वारा 8 मई से 12 मई के बीच मंडल स्तर पर बैठकें की जाएंगी। इन बैठकों में जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष तथा मंडल अध्यक्ष भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य प्रस्तावित नामों का अवलोकन करते हुए सामाजिक, भौगोलिक, सांगठनिक सक्रियता और पार्टी के प्रति निष्ठा के आधार पर मंडल कार्यसमिति का गठन होगा।
जिला प्रभारी, जिला प्रवासी, जिला अध्यक्ष तथा मंडल अध्यक्ष परस्पर विमर्श कर मंडल के समीकरण और शक्ति केंद्र के संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के नाम तय होंगे। उन्होंने आगे बताया कि 13 मई से 15 मई के बीच क्षेत्रीय स्तर से मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के गठन का अनुमोदन किया जाएगा। अनुमोदन के बाद मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष की सहमति से जिले स्तर पर मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों की घोषणा की जाएगी। मंडल कार्यसमिति में पदेन सदस्य के रूप में शक्ति केंद्र संयोजक भी सम्मिलित होंगे। जिन्हें जिला प्रभारी, जिला प्रवासी तथा जिला अध्यक्ष द्वारा अनुमोदित किया जाएगा। इसके बाद मंडल अध्यक्ष से हस्ताक्षर की गई सूची को क्षेत्रीय अनुमति से जिले के माध्यम से घोषित किया जाएगा।
जिला प्रवासियों की सूची तैयार
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि जिला प्रवासियों की सूची तैयार है। कानपुर महानगर उत्तर से भुवन प्रकाश गुप्ता, कानपुर दक्षिण में रमाकांत त्रिपाठी, कानपुर ग्रामीण में देवेंद्र देव गुप्ता, कानपुर देहात में नरेंद्र राजपूत, औरैया में रूपेश गुप्ता, इटावा में अरुण पाल, फतेहपुर में पवन प्रताप सिंह, कन्नौज में दीपू पांडे, फर्रुखाबाद में सुनील तिवारी, बांदा में दिनेश बाजपेई, महोबा में संजीव उपाध्याय, झांसी महानगर में अनीता गुप्ता, झांसी जिला में मनोज शुक्ला, ललितपुर में सुधीर सिंह, चित्रकूट में प्रमोद द्विवेदी, हमीरपुर में बीना आर्या पटेल और जालौन में जयप्रकाश कुशवाहा को प्रवासी बनाया गया है।