Bareilly: शहर में बिजली संकट...समय पर ठीक नहीं हो रहे फाल्ट
एक से दो घंटे की देरी से फाल्ट ठीक करने पहुंच रहे कर्मचारी
बरेली, अमृत विचार। गर्मी में शहर में बिजली संकट लगातार बरकरार है। फाल्ट ठीक करने के लिए कर्मचारी एक से दो घंटे की देरी से पहुंच रहे हैं। हेल्पडेस्क पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। बुधवार को लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की वजह से कई इलाकों में बिजली गुल रही। साथ काम होने के चलते लिए गए लंबे शटडाउन की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
संविदा कर्मचारियों की हड़ताल और बिजली सबस्टेशन पर बिजली आपूर्ति से संबंधी शिकायतें नहीं सुने जाने से शहर में बिजली का संकट शुरू हो गया है। बुधवार की रात शाहदाना और मिशन सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में फेस नहीं आने की समस्या बनी रही। वहीं हरुनगला सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में लो वोल्टेज आने की समस्या रही। दुर्गानगर सबस्टेशन के हामिद कॉलोनी में बुधवार रात पोल में आग लगने से बिजली गुल हो गई। सुभाषनगर में दोपहर में लोकल फाल्ट से तिलक कॉलोनी समेत अन्य जगह पर सप्लाई बाधित हो गई। किला सबस्टेशन के अलखनाथ मंदिर के पास बंच केबल टूटने सप्लाई बाधित हुई। इसके अलावा लोहिया विहार सबस्टेशन पर ट्रांसफार्मर लगाने के चलते पूरा दिन बिजली गुल रही। लोकल फाल्ट की उपभोक्ताओं ने रामपुर गार्डन में बनी हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज कराई लेकिन स्टाफ के नहीं होने से उसे ठीक करने में एक से दो घंटे लगे।
ब्लैक आउट के समय जिले भर में बंद कर दी सप्लाई
मॉकड्रिल के लिए जिले में रात 8 से 8: 10 बजे तक लाइटें बंद करने को कहा गया था। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश और अधीक्षण अभियंता ब्रह्मपाल ने सभी अधिशासी अभियंता और एसडीओ के साथ बैठक करके 8 बजे से पहले ही बिजली आपूर्ति को बंद करा दिया। ब्लैक आउट का समय पूरा होने के बाद 8: 15 पर बिजली आपूर्ति को बहाल किया गया।
