Barabanki News : कलेक्ट्रेट में डीएम का औचक निरीक्षण, 17 कर्मचारी मिले अनुपस्थित, एक दिन का कटा वेतन

Surprise inspection of Barabanki DM: जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने गुरुवार सुबह 10:20 बजे कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न कार्यालयों की उपस्थिति पंजिका की जांच में 17 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
संयुक्त कार्यालय से 9 कर्मचारी, सदर नजारत कार्यालय से एक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय से 3 कर्मचारी गैरहाजिर थे। इसके अलावा न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी (न्यायिक) कार्यालय से एक, कार्यालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी से एक और न्यायालय चकबंदी अधिकारी सदर प्रथम व द्वितीय कार्यालय से एक-एक कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने इससे पहले भी तीन बार निरीक्षण किया था। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने की चेतावनी दी थी। लगातार चेतावनी के बावजूद सुधार न आने पर डीएम ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा समिति की बैठक में डीएम का निर्देश
कलेक्ट्रेट लोक सभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति की बैठक हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान, विद्यालय कायाकल्प कार्यक्रम, मध्याह्न भोजन योजना और बालिका शिक्षा सशक्तिकरण की वर्तमान स्थिति प्रस्तुत की। बीएसए ने बताया कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, छात्रों की निगरानी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री की समय पर आपूर्ति से सीखने की प्रक्रिया प्रभावी होगी।
विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धी भावना विकसित करने के लिए विद्यालय से जिला स्तर तक मेधावी छात्र परीक्षा आयोजित की जाएगी। डीएम ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में प्रार्थना के समय प्रतिदिन एक बच्चे का विषय आधारित भाषण कराया जाए। विद्यालय कायाकल्प कार्यक्रम के तहत निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
दीदियों ने ग्रामीण समाज को दिखाई आत्म निर्भरता की राह
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन के साथ फतेहपुर तहसील के रजौली गांव में स्थित मधुमक्खी पालन शहद प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास के गांवों और चैन पुरवा तहसील रामनगर की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर संवाद किया। आकांक्षा महिला स्वयं सहायता समूह की सुमित्रा ने शहद उत्पादन स्टार्टअप की जानकारी साझा की। चैनपुरवा की महिलाओं ने दीपक निर्माण के बारे में बताया। महालक्ष्मी समूह की अशोक कुमारी ने आरओ प्लांट व्यवसाय की सफलता गाथा सुनाई।
वहीदा ने बताया कि उन्होंने सीआईएफ से ऋण लेकर सरसों तेल का व्यवसाय शुरू किया, जिससे अच्छा लाभ मिल रहा है। शीला ने सिलाई व्यवसाय से जुड़ी अपनी सफलता की कहानी साझा की। जिलाधिकारी ने कहा कि बाराबंकी की महिलाओं ने न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति सुधारी है, बल्कि पूरे ग्रामीण समाज को आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। कार्यक्रम में डीसी एनआरएलएम, डीपीआरओ, एसडीएम फतेहपुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं की हो निगरानी- डीएम
कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जनपद स्तरीय पोषण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने की। बैठक में पोषण ट्रैकर ऐप पर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें गर्भवती महिलाओं का वजन, मैम और सैम बच्चों की जानकारी, वी.एच.एस.एन.डी., एन.आर.सी. प्रगति विवरण शामिल थे। साथ ही हॉट कुक्ड फूड योजना का संचालन, समुदाय आधारित गतिविधियां और खाद्यान्न वितरण पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने बेबी वेट मशीन सहित ग्रोथ ट्रैकिंग उपकरणों की खरीद के लिए ब्लॉक टास्क फोर्स बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपकरणों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। पोषण ट्रैकर पर सभी इंडिकेटर की फीडिंग निर्धारित समय तक पूरी करने के आदेश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मुख्य सेविका और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को मैम और सैम बच्चों के घरों का दौरा कर पोषण परामर्श देने को कहा गया।
हॉट कुक्ड फूड योजना से सभी लाभार्थियों को जोड़ने का निर्देश दिया गया। गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा छोटे बच्चों की पूरी निगरानी पर जोर दिया गया। सभी केंद्रों पर यूरिन किट की उपलब्धता और एब्डोमिनल एग्जामिनेशन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, डीडीओ भूषण कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:- Barabanki News : उत्पीड़न से परेशान विवाहिता ने बाग में फंदा लगाकर की थी खुदकुशी...पिता ने लगाए ये संगीन आरोप