बरेली: दिल्ली जा रहे हैं तो देना होगा पूरा नाम, पता और मोबाइल नंबर
अमृत विचार, बरेली। दिल्ली जा रहे हैं… तो जरा रुकिए, यह खबर खास आपके लिए ही है। दिल्ली जाना अब पहले की तरह आसान नहीं है। आपको कुछ अतिरिक्त चीजें साथ में लेकर दिल्ली का सफर करना होगा। यात्रा के दौरान आपके पास आधार कार्ड या कोई ऐसा पहचान पत्र होना अनिवार्य है, जिसमें आपका …
अमृत विचार, बरेली। दिल्ली जा रहे हैं… तो जरा रुकिए, यह खबर खास आपके लिए ही है। दिल्ली जाना अब पहले की तरह आसान नहीं है। आपको कुछ अतिरिक्त चीजें साथ में लेकर दिल्ली का सफर करना होगा। यात्रा के दौरान आपके पास आधार कार्ड या कोई ऐसा पहचान पत्र होना अनिवार्य है, जिसमें आपका पूरा पता हो। साथ ही एक ऐसा मोबाइल नंबर जो हमेशा चालू रहे। इन सब चीजों की जरूरत आपको दिल्ली और उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर पड़ने वाली है। इसके बाद ही आप दिल्ली में प्रवेश कर सकेंगे।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की वजह से सख्ती बढ़ा दी गई है। रोडवेज बसों से यूपी से दिल्ली जाने यात्रियों को दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर रोक कर पूरी जानकारी मांगी जा रही है।
बरेली डिपो के एआरएम चीनी प्रसाद ने बताया कि बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को वहां अपना पूरा पता और एक ऐसा मोबाइल नंबर देना होगा जो हमेशा संचालित रहे। यह सब इसलिए किया गया है ताकि यदि उस बस का कोई भी व्यक्ति संक्रमित मिले तो उस बस के सभी लोगों से संपर्क किया जा सके। जो व्यक्ति अपना पूरा पता नहीं देगा उसे दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इतना ही नहीं, यात्रियों को उस जगह का भी पता बताना होगा जहां वे ठहरने वाले हैं जिससे उन्हें ट्रेस करने में दिक्कतें न हो।
कोरोना की वजह से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या घटी
बरेली। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या में अब कमी आ गई है। संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने से पहले दिल्ली के लिए हर दिन बरेली से करीब 50 बसों को रवाना किया जाता था। इनमें एक बस में कम से कम 52 सवारियां होती थीं। अब बसों की संख्या तो उतनी ही है लेकिन उसमें सवारियों की संख्या घट गई है। अब एक बस में महज 30 से 40 सवारियां ही रवाना होती हैं। एआरएम चीनी प्रसाद ने बताया कि अब जब तक दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर चालू है, लोग दिल्ली जाने से परहेज कर रहे हैं।
