बरेली में मौसम का मिजाज बिगड़ा, 45 डिग्री तक जा सकता है पारा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: जिले में अब भीषण गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने मंगलवार से तापमान बढ़ने और 15 और 16 मई को 45 डिग्री तापमान पहुंचने और हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। दिन के साथ रात में भी गर्मी बढ़ेगी।

रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में नमी सुबह 68 प्रतिशत और शाम को 46 प्रतिशत दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को मौसम साफ और सामान्य रहेगा। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं मंगलवार से मौसम में गर्माहट शुरू होगी।

मंगलवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है, जिससे अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज होगा। वहीं बुधवार को अधिकतम 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज होगा,

जबकि गुरुवार और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का पूर्वानुमान है। इसके बाद शनिवार को बारिश हो सकती है। 

ये भी पढ़ें- Bareilly: खेत पर काम कर रहे थे किसान...तभी तेंदुआ दिखने से फैली दहशत

संबंधित समाचार