बाराबंकी: देर रात लापता हुए युवक का शव सुबह पेड़ पर लटका मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। कोतवाली बड्डूपुर के भगौली कस्बे में मंगलवार सुबह एक सीमेंट ईट फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम कर रहे युवक का शव फांसी पर लटका मिला। मृतक देर रात अचानक लापता हो गया था। सुबह फैक्ट्री के चौकीदार ने पेड़ पर उसका शव लटका देखा तो इसकी जानकारी फैक्ट्री मालिक व साथी मजदूरों को दी। …

बाराबंकी। कोतवाली बड्डूपुर के भगौली कस्बे में मंगलवार सुबह एक सीमेंट ईट फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम कर रहे युवक का शव फांसी पर लटका मिला। मृतक देर रात अचानक लापता हो गया था। सुबह फैक्ट्री के चौकीदार ने पेड़ पर उसका शव लटका देखा तो इसकी जानकारी फैक्ट्री मालिक व साथी मजदूरों को दी। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

देवां थाना क्षेत्र के ग्राम गौरिया निवासी छत्रपाल रावत के तीन पुत्रों में मंझला सूरज 23 वर्ष आसपास गांव के मजदूरों को फैक्ट्रियों में काम दिलाने का कार्य करता था। भगौली में बालाजी सीमेंट ईट फैक्ट्री स्थापित है। फैक्ट्री मालिक ललित गुप्ता मुरली पुरवा, थाना चिनहट के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2019 से सूरज फैक्ट्री परिसर में रह कर मजदूरों के साथ काम देख रहा था। भगौली निवासी दीपू यहां मैनेजर है।

फैक्ट्री में कुल 10 मजदूर व एक चौकीदार काम करते हैं। इनमें चार गौरिया गांव के हैं। सभी मजदूर आपस में रिश्तेदार हैं। रात करीब 11बजे तक सूरज सभी के साथ मौजूद था। इसके बाद वह अचानक कहीं चला गया। साथी मजदूर सुबह सो कर उठे तो सूरज को लापता देख खोज शुरू हुई। फैक्ट्री के बगल में रामचंद्र मौर्य का खेत है। चौकीदार सुरेश चंद्र उधर गया तो उसे खेत में लगे पेड़ पर सूरज का शव झूलता दिखा। उसके गले में चादर से बना फंदा कसा था। उसने जानकारी दी तो फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा हो गया।

तरह तरह की चर्चाएं

सामान्य दशा में साथियों के साथ रहे सूरज ने अचानक फांसी क्यों लगा ली? इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलती रही। देर रात तक सूरज फोन पर किसी से बात करते देखा गया। लेकिन चर्चा है कि शव मिलने के बाद उसके फोन से कॉल्स डिलीट कर दी गईं। उसके चप्पल पेड़ के नीचे करीने से रखे मिले। चादर से फांसी लगाने की बात ग्रामीणों के गले नही उतर रही थी।

सूचना पाकर मृतक के पिता छत्रपाल व मां कलावती परिजनों के साथ पहुंच गए। पुत्र की दशा देख सभी का बुरा हाल था। पुलिस ने शव उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भगौली चौकी प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर लिखापढ़ी हुई है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई शुरू होगी।

संबंधित समाचार